कुलदीप यादव ने PAK पर जीत के बाद कही ये बात - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

कुलदीप यादव ने PAK पर जीत के बाद कही ये बात

भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 228 रनों के बड़े अंतर से हराकर एशिया कप के सुपर-4 राउंड में जीत से आगाज किया. चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव ने मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और 5 विकेट लिए. इसके बाद कुलदीप ने इस मैच को लेकर बड़ी बात कही.

बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव का मानना है कि सीधे रन-अप के अलावा तकनीक में कुछ बदलाव से उन्हें गेंदबाजी में सुधार करने और वनडे क्रिकेट में सफलता हासिल करने में मदद मिली. इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने इस साल 14 मैचों में 27 विकेट लिए हैं और वह 2023 में वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं. कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद कहा, ‘पिछले साल घुटने के ऑपरेशन के बाद मेरा रन-अप काफी हद तक सीधा हो गया और मेरी लय आक्रामक हो गई. पहले गेंद छोड़ने के बाद मेरा हाथ नीचे गिर जाता था लेकिन अब ऐसा नहीं होता है. अब मेरा हाथ बल्लेबाज के सामने होता है.’

कुलदीप ने आगे बताया कि सर्जरी के बाद अपनी दक्षता बढ़ाने के लिए उन्होंने ‘स्पिन और ड्रिफ्ट’पर काम किया. उन्होंने कहा, ‘मैंने इस पर पूरा ध्यान दिया कि मैं अपनी स्पीड खोए बिना अपनी स्पिन और ड्रिफ्ट को बरकरार रखूं. अगर कोई लेग स्पिनर गेंद को गुड लेंथ पर पिच कराता है तो वह फिर लगातार विकेट हासिल कर सकता है. ऐसे में ढीली गेंदों की संख्या कम हो जाएगी और आपके प्रदर्शन में निरंतरता रहेगी.’

कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले गए इस मैच में 25 रन देकर 5 विकेट लिए जिससे भारत बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहा. कुलदीप ने कहा के वह अपने इस प्रदर्शन को हमेशा याद रखेंगे क्योंकि उन्होंने इसे एक चोटी की टीम के खिलाफ हासिल किया है. उन्होंने कहा, ‘संन्यास लेने के बाद मैं हमेशा इस बात को याद रखूंगा कि मैंने पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लिए थे. यह मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है क्योंकि पाकिस्तान के बल्लेबाज स्पिन को अच्छी तरह से खेल सकते हैं. अगर आप एक ऐसी टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करते हैं जो उपमहाद्वीप में स्पिन को अच्छी तरह से खेलती हो तो फिर इससे आपका मनोबल बढ़ता है.

Related Articles

Back to top button