कांग्रेस महाधिवेशन कल से,भाजपा पर हमले शुरु

रायपुर। कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय महाधिवेशन 24 फरवरी से शुरु होने जा रहा है। 26 फरवरी तक चलने वाले इस महाधिवेशन के लिए कांग्रेस नेताओं का यहां आगमन शुरु हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयराम रमेश ने 23 तारीख को यहां आने के बाद मीडिया से चर्चा की और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ये जानकारी भी दी कि 24 तारीख को स्टीयरिंग कमेटी की बैठक होगी । यह कमेटी ही तय करेगी कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी का चुनाव होगा या नहीं।
राहुल की यात्रा से डरी है भाजपा
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अधिवेशन में शामिल होने आए कांग्रेस नेता और पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने पहले ही दिन भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खत्म होने के बाद भी भाजपा इस यात्रा से डरी हुई है। यही वजह है कि कांग्रेस के महाधिवेशन को डिरेल (पटरी से उतारने) की कोशिश की जा रही है। छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।
महाधिवेशन स्थल पर मीडिया से चर्चा में जयराम रमेश ने कहा कि 30 जनवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खत्म हुई है, लेकिन इसके बाद भी भाजपा घबराई हुई है। कांग्रेस पर हमले किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में गुरुवार को कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ लखनऊ, वाराणसी और असम में एफआईआर की गई है। ये मर्डर ऑफ डेमोक्रेसी है।
मोदी सरकार का प्रतिशोध, धमकी उत्पीड़न
जयराम रमेश ने कहा कि पवन खेड़ा के खिलाफ जो कार्रवाई की गई है, वह मोदी सरकार का प्रतिशोध, धमकी और उत्पीड़न की राजनीति है। उन्होंने कहा कि जब भी विपक्ष के नेता को गिरफ्तार करने की जरूरत पड़ती है, असम के मुख्यमंत्री सक्रिय हो जाते हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पवन खेड़ा के मामले में हमें सुप्रीम कोर्ट से कुछ राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने हमारी याचिका कुछ हद तक मंजूर की है।
पीएम की है भूमिका
अदाणी घोटाला मामले को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा है कि इस मामले में रोज नई जानकारियां सामने आ रहीं है। इस मामले में सरकार पूरी तरह फंसी हुई है और इसमें पीएम की भूमिका भी है। उन्होंने घोटालों की चर्चा करते हुए गुजरात के जीएसपीसी घोटाले की बात की । उन्होंने बताया कि यह 20 हजार करोड़ का घोटाला है। इस मामले में ओएनजीसी को जबरदस्ती जीएसपीसी को खरीदने के लिए कहा गया। इस मामले को लेकर सीएजी ने भी सवाल उठाए हैं और पार्लियामेंट में भी सवाल उठाए गए हैं। अगर किसी को घोटाले का भारत रत्न देना है तो वह जीएसपीसी घोटाले को देना चाहिए।
निजीकरण का फायदा केवल अदाणी को
कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सरकार 2014 से निजीकरण कर रही है, लेकिन उसका फायदा केवल अदाणी को मिल रहा है। अदाणी को हवाई अड्डे से लेकर बंदरगाह तक दिया गया है और अलग-अलग कंपनियों को अदाणी द्वारा खरीदा जा रहा है। ये असंभव है कि पीएम को इसकी जानकारी न हाे।
कांग्रेस मित्रवादी पूंजीवाद के खिलाफ
कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उदारीकरण के पक्ष में है, लेकिन हम मित्रवाद और मित्रवादी पूंजीवाद के खिलाफ हैं। उन्होंने साथ में ये भी जोड़ा, अगर प्रधानमंत्री और देश के गृहमंत्री सोचते हैं कि ईडी के छापों, प्रवक्ता पर कार्रवाई से हमारी आवाज बंद हो जाएगी तो वे गलतफहमी में हैं। उन्होंने दोहराया कि हम सोमवार से फिर अदाणी के खिलाफ सवाल उठाने शुरू करेंगे। इससे पीएम नहीं बच सकते हैं।
2023 का चुनाव मील का पत्थर
कांग्रेस प्रवक्ता ने विपक्षी एकता के सवाल पर कहा कि ईडी के खिलाफ 17 राजनीतिक दलों के संयुक्त बयान आए हैं। विपक्षी एकता की बात करें तो 7-8 राज्यों में हम पहले से ही गठबंधन में हैं। विपक्षी एकता को मजबूत करना है। हम अपनी भूमिका को जानते-पहचानते हैं। कांग्रेस को मजबूत और सशक्त होना है, तभी विपक्ष मजबूत होगा। विपक्ष के सभी दलों के साथ सकारात्मक साझा कार्यक्रम होना है, एक कॉमन कार्यक्रम बनेगा, सब लोग इसमें सहमति देंगे, लेकिन 2024 के चुनाव के पहले 2023 में कई राज्यों के चुनाव होने हैं। यही साल मील का पत्थर है। हम छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल में सत्ता में हैं। कई राज्यों में हम मुख्य विपक्ष हैं। 2024 के लिए अभी वक्त है, फिलहाल 2023 की तैयारी करनी है।
बिना डर, बिना समझौते के बनेगा गठबंधन
राजनीतिक गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई गठबंधन बनता है तो उसके माध्यम से हमें पीएम की नीति और नीयत के खिलाफ आवाज उठानी होती है। बिना डर, बिना समझौता गठबंधन बनेगा। कांग्रेस पीएम की नीति और नीयत के खिलाफ सवाल उठाती रही है। जो लोग मोदी सरकार की नीयत-नीति के खिलाफ साहसिक ढंग से आवाज उठाएंगे तो हम उनका साथ देंगे। कांग्रेस जो कहती है, वह करती है।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार से शुरू होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां अंतिम चरण में है। अधिवेशन में शामिल होने कल राहुल गांधी रायपुर आएंगे।
अधिवेशन में देशभर के दिग्गज कांग्रेसी नेता शामिल होंगे।ग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के लिए एक दर्जन छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की सूची नवा रायपुर के मेफेयर रिसोर्ट को सौंपी गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मेफेयर रिसोर्ट में ही रुकेंगे।
नवा रायपुर के मेलास्थल पर 12 से ज्यादा डोम लगभग तैयार कर लिए गए हैं। हर डोम एयरकंडीशंड है और इनकी कूलिंग क्षमता 350-350 एसी के बराबर है। इसके लिए एसी की पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। थीम बेस्ड डोम में सारे वीआईपी रहेंगे, उसमें बड़ा मंच बनाया गया है। इसमें ढाई सौ नेता बैठ सकेंगे।



