कमजोर बूथों को मजबूत करने की रणनीति पर भाजपा का काम शुरू - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कमजोर बूथों को मजबूत करने की रणनीति पर भाजपा का काम शुरू

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में विधानसभा के चुनाव के लिए  भाजपा ने कमजाेर बूथों काे मजबूत करने का बड़ा काम प्रारंभ कर दिया है। चुनाव की कमान संभालने वाले केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी गुजरात की तरह बूथों को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रदेश और चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने उस बूथों पर ज्यादा ध्यान देने को कहा है, जो बूथ कमजोर लग रहे हैं। इस समय सभी बूथों पर पन्ना और पेज प्रभारी काम में लग गए हैं। मतदाताओं से वन टू वन करने का काम किया जा रहा है। एक-एक मतदाता को टटोलकर यह देखा जा रहा है कि किस बूथ में भाजपा के कितने मतदाता हैं।
भाजपा संगठन मिशन 2023 की तैयारी में जुटा हुआ है। अब तो यहां पर चुनावी की कमान संभालने का काम केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कर लिया है। श्री शाह की अगुवाई में ही गुजरात में बूथों पर फोकस करके चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत प्राप्त की थी। अब ठीक उसी तरह की जीत की रणनीति छत्तीसगढ़ में भी बनाई जा रही है। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने यह फरमान जारी किया है कि बूथों को मजबूत करने के लिए उसकी पूरी जानकारी मंगाकर देखें कौन से बूथ में क्या स्थिति है। जो बूथ कमजोर होंगे, उस पर ज्यादा फोकस किया जाएगा।
यूपी जैसे कमाल की उम्मीद
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन हर हाल में इस पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव जीतना चाहता है, यही वजह है कि बड़े रणनीतिकार माने जाने वाले ओम माथुर को प्रदेश प्रभारी के साथ अब चुनाव का भी प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने यूपी में भाजपा को 47 सीटों से सीधे 325 सीटों तक ले जाने का कमाल किया था। अब वैसे ही कमाल की उम्मीद यहां की जा रही है।
बूथों में चल रहा अभियान
अब हर तरह के कार्यक्रम बूथों में किए जा रहे हैं। इसी के साथ हर बूथ में सतत संपर्क भी करने का काम भी प्रारंभ किया गया है। मंदिर, मस्जिद के प्रमुखों के साथ हर धर्म और समाज के लोगों से लगातार मिलने का काम कार्यकर्ता और पदाधिकारी कर रहे हैं। हर बूथ में यह भी देखा जा रहा है कि बूथ में भाजपा को मतदान करने वाले कितने लोग हैं और दूसरी पार्टी के मतदाता कितने हैं। जहां पर भाजपा के मतदाता कम हैं उन बूथों में भाजपा के लिए मतदान कराने के लिए लोगों से संपर्क करके उनको केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ प्रदेश में भाजपा शासनकाल में हुए कामों के बारे में भी जानकारी देने का काम प्रारंभ किया गया है। इसी के साथ प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी से भी अवगत कराया जा रहा है।
मतदाताओं से वन टू वन
पन्ना और पेज प्रभारियों को हर मतदाता से वन यू वन बात करने का जिम्मा सौंपा गया है। ज्यादातर बूथों में पन्ना और पेज प्रभारी बन गए हैं और ये मतदाताओं से बात करने जाने भी लगे हैं। इसी के साथ विधानसभा के प्रभारियों को हर माह सात से दस दिनों तक बूथों में रहने कहा गया है। सभी बड़े नेताओं को भी लगातार बूथों में भेजा जा रहा है। इनका दौरा भी चल रहा है। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के मौके पर हर बूथ में कई तरह के कार्यक्रम एक माह तक चलाए गए हैं। हर बूथ में अब मोदी के मन की बात कार्यक्रम को नियमित रूप से सुना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button