Top News
कतर में भारतीय नौसेना के 8 रिटायर अफसर अरेस्ट, भारत बोला- जल्द रिहाई के प्रयास जारी

कतर में गिरफ्तार किए गए 8 पूर्व नेवी ऑफिसर पर गुरुवार को भारत सरकार ने जवाब दिया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय उच्चायोग कतर के उच्चायोग के संपर्क में है. उन्होंने कहा कि कतर सरकार की ओर से काउंसलर एक्सेस मिलने के बाद हमने उन लोगों से हाल-चाल जाना है. सरकार को अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि इन लोगों को किन आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार इन सभी लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. कतर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 8 पूर्व नौसैनिकों में से राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कमांडर पूर्णंदू तिवारी (रि.) भी शामिल हैं. इन्हें 2019 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रवासी भारतीय पुरस्कार से सम्मानित किया था.



