कठुआ में 3 जगह फटा बादल, 7 लोगों की मौत

- पीएम ने सरकार की ओर से हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के राजबाग-घाटी इलाके में बादल फटने व भारी बारिश के कारण अचानक आयी बाढ़ में रविवार को कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए । अधिकारियों ने बताया कि कठुआ जिले में रात भर हुयी भारी बारिश के कारण सुबह अचानक बाढ़ आ गयी। इस त्रासदी के कारण जिले के कुछ हिस्सों में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
उन्होंने कहा, घाटी क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में भी तीन जगह बादल फटने की भी खबरें हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिससे घरों और अन्य बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा,जंगलोट और आसपास के इलाकों में रेलवे ट्रैक और जम्मू-कठुआ राष्ट्रीय राजमार्ग के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुँचा है। उन्होंने कहा, सड़कों पर पानी भर गया है और बाढ़ का पानी पुराने कठुआ शहर के कई घरों में भी घुस गया है।
पुलिस और सेना की टीमों के साथ-साथ एसडीआरएफ को भी बचाव अभियान में लगाया गया है और प्रभावित परिवारों तक पहुँचने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया है। घायलों को अस्पताल पहुँचाया जा रहा है, और उन्हें निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की गई है। पुलिस, सेना और एसडीआरएफ ने कठुआ के राजबाग के जोडे इलाके में प्रभावित परिवारों तक पहुंचने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित पांच लोगों की इस त्रासदी में मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव भांगर, जंगलोट, कठुआ निवासी रेणु देवी (39), पत्नी प्रवीण सिंह और उनकी बेटी राधिका (9 वर्ष) के रूप में हुई है ।
इसके अलावा जोडे, घाटी, तहसील राजबाग, कठुआ के निवासी सुरमू दीन (30), उनके बेटे फानू (6), शेदू (5), हबीब दीन के पुत्र ताहू (2 वर्ष), बशीर अहमद की बेटी जुल्फान (15) मृतकों में शामिल हैं। जबकि घायलों की पहचान करूम बेगम (26), राफिया बेगम (4), अर्शिया बेगम (6), परवीन अख्तर (8), गोगली बेगम (26) और नगीना (3 महीने) के रूप में हुई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आपदा पर प्रतिक्रिया जताते हुए एक्स पर पोस्ट किया, कठुआ में बादल फटने की घटना के संबंध में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की। स्थानीय प्रशासन का राहत और बचाव कार्य जारी है और एनडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। मोदी सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। हम जम्मू-कश्मीर के अपने बहनों और भाइयों के साथ मजबूती से खड़े हैं।



