ऋचा जाेगी पर जाति प्रमाण पत्र मामले में एफआईआर, बाेली काेर्ट में दूंंगी चुनाैती

रायपुर(realtimes) राज्य के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी की बहू ऋचा जोगी पर गलत जाति प्रमाण पत्र पेश करने के मामले में मुंगेली में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में ऋचा जोगी का कहना है, वह इसकाे लेकर कोर्ट में चुनौती देंगी।
दाे साल पहले 2020 में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन के बाद खाली हुई मरवाही विधानसभा सीट के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की बहू ऋचा जोगी ने भी नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने ऋचा रूपाली साधु के नाम से जाति प्रमाण पत्र जारी होना बताया था। लेकिन जून 2021 को उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति ने ऋचा जोगी के गोंड अनुसूचित जनजाति के स्थायी प्रमाणपत्र को निरस्त कर दिया था। उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति के अध्यक्ष डीडी सिंह थे। उन्होंने कहा था कि जांच में पाया गया कि ऋचा जोगी के पिता क्रिश्चियन थे और समिति ने सभी पक्षों की सुनवाई करने के बाद यह फैसला लिया है।
झूठी है एफआईआर, कोर्ट में दूंगी चुनौती- ऋचा जोगी
इस मामले में श्रीमती ऋचा जोगी ने अपने विरुद्ध दर्ज हुए एफआईआर के पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा जोगेरिया के लक्ष्ण एक बार फिर दिखने लगे हैं। चुनावी समर आते ही कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस के नेताओं को जोगेरिया हो जाता है। डॉ साहब को भी जोगेरिया हुआ था नतीजा, आज घर में बैठे हैं। उन्होंने कहा जोगी जन अधिकार पदयात्रा के शुरू होने के बिल्कुल ठीक पहले मेरे विरुद्ध एफआईआर करना ये प्रमाणित करता है कि मुख्यमंत्री फिर एक बार जोगेरिया से ग्रसित हो गए हैं। उन्होंने कहा मेरी जाति का मामला न्यायालय में विचाराधीन है लेकिन उसके बाद भी बिना किसी कोर्ट आर्डर के, मेरे विरुद्ध अचानक एफआईआर करना मुझे ‘जोगी जन आधिकार पदयात्रा में भाग लेने से रोकने का प्रयास है। मैं जोगी जन अधिकार पदयात्रा की अकलतरा विधानसभा की पर्यवेक्षक हूँ। पदयात्रा की जोरशोर से हो रही तैयारी और मिल रहे जनसमर्थन से घबरा कर, मेरे विरुद्ध एफआईआर की गई है।
उन्होंने कहा कि मैं इस गौरकानूनी एफआईआर को कोर्ट में चैलेंज करूंगी और दूषित मानसिकता वाले हमारे जोगेरिया ग्रसित विरोधियों को यह चेतावनी देती हूँ कि मैं अजीत जोगी की बहु ऋचा जोगी हूँ। आपकी इन तुच्छ हथकंडों से कतई घबराने वाली नही हूँ। माँ हूँ, मेरी हिम्मत का आप मुकाबला नही कर सकते। याद रखना। जोगी जन अधिकार पदयात्रा आपकी जड़ों को हिला देगी। याद रखना।


