Uttarakhand Weather: मैदान में सूरज के तीखे तेवर, पहाड़ में राहत के आसार के साथ ऐसा रहेगा उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में मौसम फिर से सूखा हो गया है। उत्तराखंड के ज्यादातर मैदानी इलाकों में तीखी धूप खिल रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच धूप खिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा जबकि 10 जून को मैदानों में झोंकेदार हवा और पहाड़ों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही मौसम में बदलाव होने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों में उत्तराखंड में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम बार-बार रंग बदल रहा है। कहीं चटख धूप तो कहीं बादलों के साथ बौछारें भी पड़ रही हैं। बीते सोमवार की बात करें तो देहरादून समेत आसपास के कई इलाकों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं। रात को हुई झमाझम बारिश से भीषण गर्मी से राहत महसूस की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में आज से 3 दिन आसमान साफ रहने के आसार हैं। ज्यादातर इलाकों में चटख धूप खिल सकती है। धूप का कारण एक बार फिर से प्रदेश में गर्मी बढ़ सकती है। पहाड़ों पर मौसम लगातार रंग बदल रहा है। जहां एक तरफ धूप खिलेगी तो वहीं दूसरी तरफ चोटियों पर बारिश की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
10 जून से मौसम बदलेगा करवट
मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून से ताजा पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा जिसके कारण मैदानी इलाकों में झोंकेदार हवाओं के बीच बौछारें पड़ने और पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं यानि एक बार फिर लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें :- देश से जुड़ी बड़ी खबरें यहाँ पढ़ें



