सद्भावना चौक हत्याकांड: आरोपित को लेकर घटनास्थल पहुंची पुलिस, आधी रात क्राइम सीन रीक्रिएशन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सद्भावना चौक हत्याकांड: आरोपित को लेकर घटनास्थल पहुंची पुलिस, आधी रात क्राइम सीन रीक्रिएशन

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित सद्भावना चौक के पास फुटपाथ पर 3 अप्रैल की दरमियानी रात महिला से दुष्कर्म के बाद हुई जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार-शनिवार की देर रात आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच घटनास्थल पर लाकर क्राइम सीन रीक्रिएट किया गया। रात करीब 1 बजे पुलिस टीम ने पूरे घटनाक्रम को दोहराते हुए साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की।

इस दौरान किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। आरोपित को भीड़ के संभावित हमले से बचाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि कोर्ट में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें।

उल्लेखनीय है कि इस सनसनीखेज वारदात के आठवें दिन, 10 अप्रैल को एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र से आरोपित को गिरफ्तार किया गया था। इस हत्याकांड को लेकर शहर में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग सड़कों पर उतरकर आरोपित को फांसी देने और एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने जांच प्रक्रिया पूरी कर ली है और आज शनिवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है, वहीं जनता न्याय की सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई है।

Related Articles

Back to top button