भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा चार दिन रहेंगे रायपुर में

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार ऐसा हाेगा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चार दिनाें तक रायपुर में रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार 9 सितंबर को रायपुर आ रहे हैं। यहां पर वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में 30 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता आएंगे। इसी के साथ प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप, मोर्चा, प्रकोष्ठ की बैठक भी लेंगे। वे एक ही दिन भाजपा को देंगे। इसके बाद 10 से 12 सितंबर तक आरएसएस की बैठक में शामिल होंगे।
श्री नड्डा का पहले रायपुर 26 और 27 अगस्त को आने का कार्यक्रम बना था, लेकिन यह टल गया और इसके बाद उनके यहां 11 और 12 सितंबर को आने का कार्यक्रम बना। लेकिन इस बीच आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय समिति की बैठक पहली बार रायपुर में 10 से 12 सितंबर को तय की गई। इसमें श्री नड्डा के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी आ रहे हैं। तीन दिनों तक आरएसएस के कार्यक्रम में रहने के कारण वे भाजपा के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते हैं, इसलिए भाजपा के लिए एक दिन का अलग से समय तय किया गया है।
बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा 9 सितंबर को दिल्ली से 11 बजे यहां आएंगे। यहां पर वे ठाकरे परिसर में दोपहर को होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में 30 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसको लेकर प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नवीन ने यहां पर प्रदेश के पदाधिकारियों, कोर ग्रुप और सभी जिलाध्यक्षों की बैठक ले चुके हैं। इसमें कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर रणनीति बनाई गई है। इसी के साथ श्री नड्डा के स्वागत को लेकर भी चर्चा करते भव्य स्वागत करने की योजना बनाई गई है।



