तमिलनाडु में महिलाओं को हर साल 3 मुफ्त LPG सिलिंडर

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में बड़ा ऐलान किया है। जनवरी में पोंगल त्योहार से ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ योजना शुरू की जाएगी। इसके तहत पात्र परिवारों की महिला मुखियाओं को हर साल तीन मुफ्त LPG सिलिंडर दिए जाएंगे। योजना पर सालाना करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे और राज्य के 1.30 करोड़ से ज्यादा परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के जरिए महिला मुखिया के बैंक खाते में भेजी जाएगी।
किन परिवारों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री के मुताबिक, योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये से ज्यादा नहीं है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, छोटे और सीमांत किसानों के परिवार तथा दिव्यांग व्यक्तियों के परिवार भी योजना में शामिल होंगे।
LPG सिलिंडर की बुकिंग और डिलीवरी होने के बाद तेल मार्केटिंग कंपनियों की आधिकारिक बिलिंग के आधार पर सिलिंडर की लागत की राशि वापस की जाएगी। यह पैसा सीधे परिवार की महिला मुखिया के बैंक खाते में जमा होगा।
चार महीने में बढ़ा परिवारों पर आर्थिक बोझ
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष के कारण वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई और कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इससे पिछले चार महीनों में परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। कई परिवारों को वैकल्पिक ईंधन की ओर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि आर्थिक दबाव के बावजूद सरकार जनता का बोझ कम करने और अपने वादे पूरे करने के लिए गैस सिलिंडर पर होने वाला खर्च उपलब्ध कराने का फैसला कर रही है। योजना की तैयारी शुरू हो गई है और इसे पोंगल से लागू किया जाएगा।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का दायरा भी बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए मुफ्त बस यात्रा से जुड़ी ‘वेत्री पयनम’ योजना का भी ऐलान किया। यह योजना 2 अक्टूबर से लागू होगी।
इसके तहत महानगरीय और शहरी इलाकों में चलने वाली एक्सप्रेस, लिमिटेड स्टॉप सर्विस और डीलक्स सरकारी बसों में महिलाएं और ट्रांसजेंडर यात्री मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में चलने वाली सामान्य किराए वाली सरकारी बसों में भी यह सुविधा मिलेगी।
सरकार के मुताबिक, इस योजना पर सालाना करीब 6,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें आय सीमा या यात्राओं की संख्या की कोई पाबंदी नहीं होगी।
महिला सशक्तिकरण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक प्रगति और आजीविका की सुरक्षा के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें सिंगा पेन स्पेशल टास्क फोर्स, थाईमामन थंगमोथिरम, वेट्री मगलीर अडुगल वलार्प्पु और अन्नानिन सीर जैसी योजनाएं शामिल हैं। इनके लिए जरूरी बजट पहले ही आवंटित किया जा चुका है।



