पेट्रोल पंपों में उमड़ रही भीड़ पर कलेक्टर की अपील… लोग भ्रामक खबरों पर न दें ध्यान

रायपुर। ट्रकचालकों की देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए आम जनता को आवश्यक वस्तुओं की किसी तरह की किल्लत न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जरूरत के हिसाब से वाहनों में ईंधन भरवाने की अपील की है। बतादें कि ट्रक चालकों की देशव्यापी हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं सभी जिलों के कलेक्टर-एसपी की बैठक ली।
कलेक्टर ने कहा कि राज्य में संचालित पेट्रोलियम-डीजल डिपो तथा एलपीजी डिपो में वाहनों के प्रवेश तथा निकासी में राजस्व, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अमले की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी प्रकार का व्यवधान ना आए। कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, घरेलू एलपीजी की सुचारू उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था के लिए ऑयल कंपनी के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय निगरानी दल गठित किया गया है।
कलेक्टर ने राजधानीवासियों से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल को लेकर बिल्कुल भी पेनिक न हो। पेट्रोलियम पदार्थ की आपूर्ति पर शासन नजर बनाए हुए है। इसके साथ सभी आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई प्रभावित नहीं होगी।



