आफत बनी बारिश! सड़कों पर सैलाब, एंबुलेंस भी फंसी, जानिए दिल्ली का हाल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

आफत बनी बारिश! सड़कों पर सैलाब, एंबुलेंस भी फंसी, जानिए दिल्ली का हाल

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिसके कारण यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। जगह-जगह लंबे जाम की स्थिति देखने को मिली। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में मध्यम बारिश के साथ तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

10 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला अभी जारी रह सकता है। 10 अगस्त तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गुरुग्राम और नोएडा समेत एनसीआर के कई शहरों में भी बारिश के बाद हालात प्रभावित हुए हैं।

कई प्रमुख सड़कों पर लगा लंबा जाम

तेज बारिश के बाद दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। मेहरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग जैसे इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला।

पूर्वी दिल्ली के जीटी रोड, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन में भी वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। बारिश के कारण कई जगहों पर लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

सोशल मीडिया पर जलभराव के वीडियो वायरल

बारिश के बाद दक्षिणपुरी, ओखला, संगम विहार, सैनिक फार्म्स और मेहरौली-बदरपुर रोड के कुछ हिस्सों में जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। लोगों ने सड़कों पर जमा पानी और ट्रैफिक जाम को लेकर परेशानी जताई।

महामाया अंडरपास में भरा पानी, एंबुलेंस फंसी

नोएडा के महामाया अंडरपास में बारिश के बाद पानी भर गया। इस दौरान एक एंबुलेंस भी पानी में फंस गई। वीडियो में एंबुलेंस का दरवाजा खुला दिखाई दिया और आसपास काफी पानी जमा नजर आया।

बताया गया कि पानी बढ़ने के कारण एंबुलेंस को निकालने में परेशानी हुई। बाद में पुलिस की मदद से एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दुर्गा विहार में जलभराव से स्कूल प्रभावित

दिल्ली के दुर्गा विहार इलाके में भी बारिश के बाद भारी जलभराव की स्थिति बन गई। एमसीडी स्कूल के प्रधानाचार्य मूंग लाल मीना ने बताया कि नाले की सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में पानी भर जाता है।

स्कूल के गेट और आसपास पानी जमा होने से बच्चों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। मांसा देवी मंदिर जाने वाला रास्ता भी प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।

मौसम विभाग की सलाह

IMD ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को जलभराव वाले इलाकों से बचने, अनावश्यक यात्रा से परहेज करने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button