बस्तर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की आम सभा में एक लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बस्तर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की आम सभा में एक लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य

रायपुर. प्रदेश भाजपा संगठन के साथ राष्ट्रीय संगठन भी चुनावी मोड में आ गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अब कांग्रेस का बस्तर का किला भेदने के लिए 12 फरवरी को आ रहे हैं। । इसके पहले केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के कोरबा के किले को भेदने के लिए वहां पर बड़ी आम सभा की थी। इसी कड़ी में बस्तर लोकसभा में अब राष्ट्रीय अध्यक्ष की बड़ी सभा होगी, इसमें एक लाख से ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले बस्तर के दौरे पर गिरिराज सिंह का आना तय हुआ था, लेकिन उनके स्थान पर अब राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद आने वाले हैं।भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने देश भर के उन लोकसभा सीटों को चिन्हित किया है, जहां पर भाजपा के सांसद नहीं हैं। इन सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए अभी से मशक्कत की जा रही है। ऐसी लोकसभा सीटों पर फोकस करके राष्ट्रीय नेताओं को वहां पर अभी से सभाएं लेने भेजा जा रहा है। पिछले माह की केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कोरबा का दौरा किया और वहां पर सभा करके अभी से विधानसभा और लोकसभा के चुनाव का बिगुल फूंक दिया है।
बस्तर पर बड़ा फोकस

भाजपा का विधानसभा चुनाव के लिए बस्तर और सरगुजा पर बड़ा फोकस है। ऐसे में जबकि बस्तर लोकसभा में कांग्रेस के सांसद हैं तो भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने तय किया कि वहां पर गिरिराज सिंह के स्थान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का दौरा करके एक तीर से दो शिकार किए जाएं। एक तो लोकसभा का प्रवास पूरा होगा, साथ ही विधानसभा के लिए भी बस्तर में चुनावी आगाज हो जाएगा। बस्तर में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है।
होगी बड़ी सभा
श्री नड्डा के लिए बस्तर में बड़ी सभा करने की योजना बनाई गई है। इस सभा में बस्तर संभाग के सभी जिलों के बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता तो पहुंचेंगे ही साथ ही बड़ी संख्या में आम जनता की भी भीड़ जुटाने का लक्ष्य है। कुल मिलाकर करीब एक लाख की संख्या जुटाकर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। अब तक के दौरे के मुताबिक श्री नड्डा का सीधे जगदलपुर पहुंचने का कार्यक्रम है। अंतिम कार्यक्रम 10 या 11 फरवरी को फाइनल होगा।

Related Articles

Back to top button