दीपावली पर देश भर में अग्निकांड: 23 से ज्यादा मौतें

दीपावली के त्योहार के दौरान देश के कई राज्यों में आग की भीषण घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा में हुए अलग-अलग अग्निकांडों में 23 से अधिक लोगों की जान चली गई। हादसों में कई परिवार पूरी तरह तबाह हो गए, वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
महाराष्ट्र के धाराशिव में किराना दुकान के ऊपर आग, 6 की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दीपावली की रात करीब ढाई बजे एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के ऊपर बने मकान में करंडे परिवार सो रहा था। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में परिवार के छह लोगों—उत्तम त्र्यंबक करंडे, चंद्रकला उत्तम करंडे, गोविंद उत्तम करंडे, ज्योति गोविंद करंडे, गायत्री गोविंद करंडे और सिद्धि गोविंद करंडे की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की मौत झुलसने और चार की दम घुटने से हुई। परिवार की कृष्णा नाम की सदस्य को बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने की वजह शुरुआती तौर पर दीपक से होना माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश: कटनी और सिवनी में तीन मंजिला इमारतों में आग, 12 की मौत
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। मकान मालिक पूरन अग्रवाल के परिवार के छह लोग (दो महिलाएं, एक पुरुष और तीन बच्चे) दूसरी और तीसरी मंजिल पर फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। कलेक्ट्रेट और पुलिस प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है।
उधर, सिवनी जिले के छपारा कस्बे में सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी, ऋतु सोनी, स्मृति सोनी, सूर्य सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं। घर में मौजूद 10 लोगों में से 4 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दिल्ली के नरेला में पटाखा फटने से बच्चे की मौत
दिल्ली के नरेला इलाके में 8 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे घर के बाहर अनार पटाखा जला रहे एक बच्चे के सीने में पटाखा फटने से चोट लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग
राजस्थान के पाली जिले के फालना में रविवार रात करीब 10 बजे पटाखों की दुकान के पास बच्चों द्वारा जलाए जा रहे पटाखे की चिंगारी से आग भड़क गई। आग ने पास की बैटरी और कटलरी दुकान को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
ओडिशा के कटक और एमपी के उज्जैन में हादसे
ओडिशा के कटक स्थित दरगाह बाजार इलाके में सोमवार तड़के 4 बजे एक घर में आग लगने से 7 साल के मासूम की मौत हो गई और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। संकरी गली होने के कारण दमकल विभाग की 5 गाड़ियों को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं उज्जैन के नागझिरी इलाके में देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर की बिल्डिंग में आग लगने से बुजुर्ग मोहनलाल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मुंबई में फायर ब्रिगेड को 142 कॉल
दीपावली के दिन मुंबई में फायर ब्रिगेड को कुल 142 आग की घटनाओं के कॉल मिले, जिनमें से 137 मामले सीधे तौर पर पटाखों से जुड़े थे। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।



