आज जबलपुर में महाकोशल की 38 सीटों को साधने के लिए अमित शाह करेंगे मंथन - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

आज जबलपुर में महाकोशल की 38 सीटों को साधने के लिए अमित शाह करेंगे मंथन

जबलपुर ।    जबलपुर समेत महाकोशल अंचल की 38 विधानसभा सीट को साधने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जबलपुर आ रहे है। 28 अक्टूबर को दोपहर 12.50 बजे वे विमान से जबलपुर आएंगे। शाह का मप्र में तीन दिवसीय प्रवास है। पहले दिन करीब दो घंटे जबलपुर में संभाग के नेताओं के साथ उनकी चुनावी रणनीति पर मंत्रणा होगी।

आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी पूरी

केन्द्रीय मंत्री के जबलपुर आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी पूरी कर ली है। जानकारी के मुताबिक अमित शाह के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मध्य प्रदेश चुनाव प्रभारी और केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र सिंह यादव, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

चुनिंदा पदाधिकारियों को बुलाया

जिला अध्यक्ष प्रभात साहू ने बताया कि अमित शाह 12.50 बजे विमान से डुमना एयरपोर्ट पर आएंगे। इसके पश्चात वे माल गोदाम चौक पर राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। आदिवासी नृत्य की भी प्रस्तुति होगी। यहां से वे भाजपा कार्यालय रानीताल जाएंगे और वहां भोजन उपरांत संभागीय बैठक लेंगे।

करीब 225 पदाधिकारी इस बैठक का हिस्सा बनेंगे

इस बैठक में सांसद, पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायक, प्रदेश और जिले के प्रभारी, जिला संयोजक, जिला प्रभारी, मोर्चा प्रभारी और मोर्चा अध्यक्ष जैसे करीब 225 पदाधिकारी इस बैठक का हिस्सा बनेंगे। अमित शाह करीब दो घंटे रहेंगे और चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। करीब ढाई घंटे तक जबलपुर में रुकने के बाद अमित शाह छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव के लिए रवाना होंगे।

विधानसभा चुनाव में इस अंचल से बड़ी लीड की उम्मीद

महाकोशल-विध्य अंचल- जबलपुर समेत नरसिंहपुर,छिंदवाड़ा, सिवनी, कटनी, बालाघाट, मंडला,डिंडौरी विधानसभा की 38 सीट महाकोशल अंचल में आती हैं। यहां 2018 के विधानसभा चुनाव में 24 सीट कांग्रेस ने जीती थी। जबकि भाजपा के हाथ में 13 सीट भाजपा को मिली थी जबकि एक सीट पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की थी। भाजपा को 2023 के विधानसभा चुनाव में इस अंचल से बड़ी लीड की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button