टाउन हॉल में सजी आजादी और विकास की तस्वीर: मुख्यमंत्री साय ने सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख की घोषणा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

टाउन हॉल में सजी आजादी और विकास की तस्वीर: मुख्यमंत्री साय ने सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का किया शुभारंभ, टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख की घोषणा

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

‘आजादी का गौरव- विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प’ थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान और राज्य की विकास यात्रा को एक साथ प्रस्तुत कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के विभिन्न खंडों का अवलोकन किया और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े दुर्लभ छायाचित्रों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शित सामग्री में विशेष रुचि दिखाई।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित विशेष खंड रहा। इसके अलावा स्वतंत्रता आंदोलन में छत्तीसगढ़ की भूमिका, महात्मा गांधी के प्रदेश प्रवास और कई ऐतिहासिक घटनाओं को भी प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर की दो ऐतिहासिक धरोहरों टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण, साज-सज्जा और नवीनीकरण के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन धरोहरों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

प्रदर्शनी में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी में एआई आधारित विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जहां आगंतुक प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। यह प्रदर्शनी 21 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।

Related Articles

Back to top button