साल भर बाद आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने बनाई छत्तीसगढ़ की गुप्त चुनावी रणनीति

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अचानक साल भर बाद रायपुर आना हुआ। प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का राष्ट्रीय संगठन बहुत ज्यादा गंभीर है। यही वजह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी रायपुर पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ताे पहले से ही कार्यक्रम तय था। तीनाें नेताओं ने विधानसभा चुनाव काे लेकर बड़ी गुप्त रणनीति बनाई है। इसकी जानकारी मीडिया तक न पहुंचने के साथ प्रदेश के सभी नेताओं काे इस मामले में बाहर कुछ भी नहीं कहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय नेताओं ने यहां प्रदेश के पदाधिकारियों की ज्यादा भीड़ करने के स्थान पर प्रदेश के चुनिंदा नेताओं के साथ मिशन 2023 को लेकर गंभीर मंथन किया है। प्रदेश के राजनीतिक हालात जानने के साथ चुनावी रणनीति काे तेज करते हुए पूरी ताकत झोंकने और प्रदेश सरकार के खिलाफ ज्यादा आक्रामक होने पर चर्चा हुई। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो सभाओं को लेकर क्या तैयारी है, इसकी जानकारी ली गई।
चुनाव पर राष्ट्रीय संगठन गंभीर
भाजपा का राष्ट्रीय संगठन इस साल पांच राज्यों में होने वाले चुनाव को लेकर गंभीर है। भाजपा का बड़ा फोकस राजस्थान के साथ छत्तीसगढ़ पर भी है। दोनों स्थानों पर कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में दोनों स्थानों पर भाजपा इस बार सत्ता में वापसी चाहती है। यही वजह है कि दोनों राज्यों में लगातार भाजपा के दिग्गज राष्ट्रीय नेताओं का दौरा हो रहा है। एक दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ राजस्थान में चुनावी रणनीति पर मंथन करके वहां पर जीत की रणनीति बनाने की दिशा में काम किया गया है। इसके बाद तीनों राष्ट्रीय दिग्गज नेता छत्तीसगढ़ भी आए हैं और यहां पर चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया है।
पिछले साल 9 सितंबर काे आए थे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा साल भर बाद रायपुर में बैठक लेने आए हैं। इसके पहले पिछले साल यहां पर 9 सितंबर काे साइंस कॉलेज मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए थे। सम्मेलन के बाद कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक ली और इसी दिन अचानक इसी बैठक की बीच में डी. पुरंदेश्वरी के स्थान पर ओम माथुर को नया प्रदेश प्रभारी बनाए जाने का फरमान दिल्ली से आया था। उस बैठक के बाद अब जाकर ठाकरे परिसर में बैठक लेने आए हैं।
चुनाव में पूरी ताकत झाेंकने का फैसला
तीनों दिग्गज राष्ट्रीय नेताओं ने यहां आने के बाद प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह चुनाव प्रभारी मनसुख मंडाविया, सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया। प्रदेश के नेताओं ने राजनीति स्थिति को लेकर भी पूरी जानकारी ली। संगठन की गतिविधियों को लेकर पूरी जानकारी लेने के साथ संगठन की गतिविधियों को तेज करने के निर्देश भी दिए हैं। सभी चुनाव समितियों को लेकर बात की गई कि क्या हो रहा है। इसी के साथ आने वाले समय में अब परिवर्तन यात्रा के बाद किस तरह से चुनावी कार्यक्रम किए जाने हैं इसको लेकर बात हुई और यह भी रणनीति बनाई कि राष्ट्रीय नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के भी लगातार दौरे कराए जाएंगे। चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंकने का फैसला किया गया है। इसी के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ अब और ज्यादा आक्रामक होने की रणनीति बनाई गई है।
प्रधानमंत्री के दौरे पर दिए निर्देश
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा और श्री संतोष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चार दिनों में दो बार छत्तीसगढ़ के दौरे को लेकर भी प्रदेश के नेताओं को निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय नेताओं को प्रधानमंत्री की सभाओं को लेकर की गई तैयारी की पूरी जानकारी भी दी गई।



