बिलासपुर में पीएम मोदी रहेंगे कल डेढ़ घंटे, होगी आम सभा

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में इस साल हाेने वाले विधानसभा चुनाव काे लेकर बिसात बिछ चुकी है। भाजपा के साथ कांग्रेस ने भी अभी से पूरी ताकत झोंक दी है। दाेनाें दलों के राष्ट्रीय नेता लगातार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार 30 सितंबर को बिलासपुर में भाजपा की परिवर्तन यात्रा का समापन करने के बाद साइंस कॉलेज मैदान में आम सभा लेंगे। इस सभा में प्रदेश के कई नेता भी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक बिलासपुर में रहेंगे। बिलासपुर की सभा के बाद तीन अक्टूबर को बस्तर में भी आम सभा होगी। दोनों सभाओं की तैयारियों को लेकर ही कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने एक दिन पहले ही बैठक लेकर सभा के लिए निर्देश भी दिए हैं।
प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा से दो परिवर्तन यात्राएं निकालीं। एक यात्रा दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को निकली है जो बस्तर के साथ रायपुर और दुर्ग की विधानसभाओं का सफर करके 26 सितंबर को रायपुर में समाप्त हो गई है। एक यात्रा जशपुर नगर से 15 सितंबर को निकली। यह यात्रा सरगुजा और बिलासपुर संभाग की विधानसभाओं का सफर करने के बाद 27 सितंबर को बिलासपुर में समाप्त हुई है। अब यात्राओं का समापन 30 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पहले समापन 28 सितंबर को होना था, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री के समय के कारण इसको बदला गया।
एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
साइंस कॉलेज मैदान बिलासपुर में होने वाली आम सभा को लेकर भाजपा ने पूरी तैयारी की है। इस सभा के लिए एक लाख से ज्यादा की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया। सभा के लिए सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों से ही ज्यादा भीड़ जुटाई जाएगी। इसी के साथ सभा में इन संभागाें के बड़े नेता भी शामिल होंगे। सभा के लिए प्रधानमंत्री का दोपहर को करीब 2.10 बजे आगमन होगा। सभा के बाद वे दोपहर को वापस 3.40 बजे लौट जाएंगे।
ये होंगे शामिल
सभा में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, सह चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, सांसद गुहाराम अजगले, गोमती साय, प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के साथ भाजपा के सरगुजा और बिलासपुर संभाग के विधायक शामिल होंगे।



