भाजपा ने राजनांदगांव में किया मिशन 2023 पर मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की राजनांदगांव के सोमनी में आयोजित बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन किया गया। पदाधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतिकरण दिया। अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा, भाजपा विजय के संकल्प के लिए चुनाव के लिए तैयार है। बैठक को भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने संबोधित करते हुए मार्गदर्शन दिया।
ओम माथुर ने कहा, भाजपा गरीबों की चिंता करने वाली पार्टी के रूप में पहचान रखती है। श्री माथुर ने कहा, छत्तीसगढ़ और राजस्थान दोनों जगह से कांग्रेस सरकार जाएगी। यह भी इत्तेफाक है कि छत्तीसगढ़ से कांग्रेस सरकार को उखाड़ने राजस्थान से कोई आया है। श्री माथुर ने कहा, हमारी लड़ाई एक कलाकार, अभिनय करने वाले राजनीतिज्ञ से है। अतः पूरी ताकत और संकल्प के साथ कार्य करें। विजय जरूर प्राप्त होगी, सत्य की जीत जरूर होगी। श्री माथुर ने कहा, नीचे के कार्यकर्ताओं से जुड़ कर उन्हें प्रोत्साहित करना है सभी सारी बातों को छोड़कर केवल 2023 में छत्तीसगढ़ में कमल खिलाने के संकल्प को लेकर कार्य करे।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हमारे पास मोदी के 8 साल और भाजपा के 15 साल की उपलब्धियों का भंडार है। हमने गरीब कल्याण की अनेक योजनाएं दी हैं और भूपेश बघेल की सरकार गरीबों का हक मारने का एक भी मौका नहीं छोड़ती है। प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि सरकार की नाकामी में सबसे बड़ा हाथ स्थानीय विधायकों का है। उन्होंने जीत का मंत्र देते हुए कहा कि आप स्थानीय मुद्दों पर विधायकों से सवाल करें। सशक्त मंडल सक्रिय बूथ एवं पन्ना समिति पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मार्गदर्शन दिया। भाजपा संगठन के सभी मोर्चों की गतिविधियों की चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने विस्तार से जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने बैठक को संबोधित करते हुए संगठनात्मक जानकारी दी।



