भाजपा के एक सहयोगी दल का कहना है कि बिहार सरकार एक-दो दिन में गिर सकती है - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

भाजपा के एक सहयोगी दल का कहना है कि बिहार सरकार एक-दो दिन में गिर सकती है

नयी दिल्ली: 26 जनवरी (ए) जनता दल (यूनाइटेड) के ‘इंडिया’ गठबंधन से नाता तोड़ने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में लौटने के संकेतों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता संतोष कुमार सुमन ने शुक्रवार को कहा कि बिहार सरकार एक या दो दिन में गिर सकती है।

सुमन बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा ने अब तक उनकी पार्टी को जद (यू) के साथ किसी भी आसन्न गठबंधन के बारे में स्पष्ट रूप से नहीं बताया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जद (यू) के अध्यक्ष हैं।

सुमन ने ‘ कहा, ‘‘मुझे ऐसा लगता है कि यह (नीतीश) सरकार एक या दो दिन में गिर जाएगी।’’

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के साथ जद (यू) प्रमुख के संबंधों में गहराती खाई के बीच, भाजपा नेताओं ने संकेत दिया है कि वे कुमार के साथ फिर से गठबंधन करने के लिए तैयार हैं।

इससे पहले दिन में, भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राजनीति में किसी के लिए दरवाजे कभी भी स्थायी रूप से बंद नहीं होते हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जहां तक कुमार या जद (यू) का सवाल है, राजनीति में दरवाजे कभी भी स्थायी रूप से बंद नहीं होते हैं। बंद दरवाजे समय आने पर खुलते भी हैं, लेकिन वे खुलेंगे या नहीं, यह हमारे केंद्रीय नेतृत्व को तय करना है।’

राज्य में बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच भाजपा बिहार में अपने सहयोगियों के साथ संपर्क बनाए हुए है, जिनमें मांझी, चिराग पासवान, उपेन्द्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस शामिल हैं।

मांझी की पार्टी के चार विधायक हैं, जो राज्य में सत्ता संतुलन में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

मांझी भी पहले विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा थे और सुमन बिहार सरकार में मंत्री थे। उनकी पार्टी ने पिछले साल भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन छोड़ दिया था।

भाजपा सूत्रों ने कहा कि जद (यू) के उनके गठबंधन में शामिल होने से यह सुनिश्चित होगा कि राजग लोकसभा चुनाव में भारी जीत हासिल करेगा।

Related Articles

Back to top button