नितिन नवीन की तिरंगा वाली तस्वीर से छेड़छाड़ का आरोप, कांग्रेस IT सेल नेता अरुण साहू पर FIR

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाने में कांग्रेस के आईटी सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की शिकायत के आधार पर की गई है। मामला बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से कथित छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नितिन नवीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था। इस दौरान की एक तस्वीर उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की थी। आरोप है कि बाद में इसी तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया और इसके जरिए भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की गई।
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने इस मामले को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट समेत अन्य साक्ष्य भी सौंपे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संबंधित पोस्ट को बाद में सोशल मीडिया से हटा दिया गया, लेकिन तब तक वह काफी लोगों तक पहुंच चुकी थी।
पुलिस ने अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर क्रमांक 0429/2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा-2 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-356 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस के कुछ नेता सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रध्वज और बीजेपी नेताओं को लेकर भ्रामक अभियान चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्य जांचे तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



