RSS के साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संतोष का प्रत्याशियों काे लेकर लंबा मंथन  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

RSS के साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संतोष का प्रत्याशियों काे लेकर लंबा मंथन 

रायपुर(realtimes) भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का छत्तीसगढ़ के दाैरे पर आना यूं ही नहीं है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची है। किसी के जानकारी के बिना ही बीएल संतोष क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय को साथ लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजधानी के जागृति मंडल दफ्तर पहुंचे। यहां पर प्रदेश के आरएसएस के नेताओं के साथ करीब चार घंटे तक चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। इसमें सबसे अहम विधानसभा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची को लेकर चर्चा की गई। दूसरी सूची जारी करने से पहले भाजपा हर पहलू पर विचार कर रही है, क्योंकि पहली सूची के बाद कई स्थानों से नाराजगी सामने आ रही है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने ठाकरे परिसर में चुनाव समितियों की भी बैठक ली। अब शनिवार को उनका बिलासपुर का दौरा है, जहां ने बिलासपुर संभाग की बैठक के बाद बिल्हा विधानसभा की भी अलग से बैठक लेंगे।
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का राष्ट्रीय संगठन प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी करने की कवायद में जुटा हुआ है। इस सूची के जारी होने से पहले भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का भी छत्तीसगढ़ का दो दिनों का दौरा हो रहा है। दौरे के पहले ही दिन यहां पर आने के बाद श्री संतोष ने यहां पर सबसे पहले आरएसएस के दफ्तर में जाकर आरएसएस के प्रदेश के नेताओं के साथ बड़ी बैठक की।
प्रत्याशियों पर बड़ा मंथन
श्री संतोष की यहां पहुंचने पर विमानतल से ही सीधे आरएसएस के दफ्तर जाना इस बात का संकेत है कि भाजपा अब दूसरी सूची काे जारी करने से पहले हर पहलू पर गंभीरता से काम करना चाहती है। पहली सूची से पहले इस तरह का कोई काम नहीं हुआ था। आरएसएस के दफ्तर में बंद कमरे में श्री संतोष की आरएसएस की प्रदेश टोली के प्रमुख नेताओं प्रांत संघ संचालक डा. पूर्णेंदु सक्सेना, प्रांत कार्यवाहक चंद्रशेखर देवांगन, प्रांत प्रचारक प्रेम शंकर सिद्दार के साथ सुबह को दस बजे से लेकर दोपहर को दो बजे तक लंबी चर्चा हुई। जानकारों का कहना है, इस बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन के साथ भाजपा के प्रत्याशियों को लेकर भी रायशुमारी हुई है। आरएसएस का हमेशा से ही भाजपा के प्रत्याशियों के चयन में बड़ा दखल रहा है। यहां पर आरएसएस की राष्ट्रीय बैठक में भी एक बार विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन हो चुका है।
बिलासपुर में आज बैठक
श्री संतोष आज सुबह काे ठाकरे परिसर से बिलासपुर चले गए हैं।  वहां पर वे बिलासपुर संभाग की बैठक लेंगे। इस बैठक के बाद वे दोपहर को बिल्हा पहुंचेंगे और वहां पर बिल्हा विधानसभा की बैठक लेंगे।

Related Articles

Back to top button