RJD लोकभवन मार्च: पटना के डाक बंगला चौराहे पर हंगामा

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के ‘लोकभवन मार्च’ के दौरान बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया। डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। राजद यह विरोध प्रदर्शन राज्य में छात्रों की समस्याओं, बढ़ती बेरोजगारी और सिवान में छात्रों पर AK-47 से हुई फायरिंग की घटना के खिलाफ कर रही थी।
AK-47 का कटआउट लेकर पहुंचे कार्यकर्ता, वाटर कैनन से तितर-बितर हुई भीड़
प्रदर्शन के दौरान राजद कार्यकर्ता हाथों में AK-47 राइफल के बड़े कटआउट लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जब कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को जबरन तोड़ने का प्रयास किया, तो स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया।
तेजस्वी का बड़ा आरोप: ‘सम्राट चौधरी के इशारे पर हो रही कार्रवाई’
हिरासत में लिए जाने के दौरान तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी पुलिसिया कार्रवाई उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आदेश पर की जा रही है। तेजस्वी ने कहा कि सरकार की इन दबनकारी कार्रवाइयों से राजद को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है क्योंकि अब राज्य की जनता खुद सड़कों पर उतर चुकी है और सब कुछ समझ रही है।
मीसा भारती का हमला: ‘सुप्रीम कोर्ट ने माना छात्रों पर चली AK-47, DM हों सस्पेंड’
मार्च में शामिल हुईं राजद सांसद मीसा भारती ने भी बिहार सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बात को स्वीकार किया है कि छात्रों के खिलाफ AK-47 का इस्तेमाल किया गया था। मीसा भारती ने सवाल उठाया कि छात्रों पर AK-47 चलाने की अनुमति आखिर किसने दी? उन्होंने मांग की कि यदि इसके लिए जिलाधिकारी (DM) ने अनुमति दी थी, तो उन्हें तुरंत सस्पेंड किया जाना चाहिए। सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है।



