RIMS के SNCU में आग - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

RIMS के SNCU में आग

अदिलाबाद। तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में लगी आग में अब तक तीन नवजात बच्चों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में एक 5 दिन का बच्चा भी शामिल है। हादसे के बाद कई बच्चों को दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान निजामाबाद में एक और बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या तीन हो गई।

AC में खराबी के बाद लगी आग

हादसा सोमवार देर रात करीब 11:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि SNCU वार्ड में AC यूनिट में खराबी के बाद आग लगी। देखते ही देखते पूरे वार्ड में घना धुआं भर गया। हादसे के समय वार्ड में 24 बच्चे मौजूद थे।

आग और धुएं की जानकारी मिलते ही अस्पताल के स्टाफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेडिकल टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 20 से ज्यादा बच्चों को इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और आसपास के दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।

करीब 26 हफ्ते के प्रीमैच्योर बच्चे की पहले मौत

अदिलाबाद के जिला कलेक्टर राजर्षि शाह के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में AC में खराबी के बाद आग लगने की बात सामने आई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान करीब 26 हफ्ते के एक प्रीमैच्योर बच्चे की मौत हो गई थी।

बाकी बच्चों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहां बाल रोग विशेषज्ञ उनकी निगरानी कर रहे हैं। इलाज के दौरान निजामाबाद में एक और बच्चे की मौत हो गई। इससे पहले भी एक बच्चे की जान जा चुकी थी। इस तरह हादसे में अब तक तीन नवजातों की मौत हो चुकी है।

फायर ब्रिगेड ने आग को दूसरे वार्डों तक फैलने से रोका

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। टीम ने आग को अस्पताल के दूसरे वार्डों तक फैलने से रोक लिया। धुएं की चपेट में आए बच्चों को जरूरत के मुताबिक वेंटिलेटर और दूसरी मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button