मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

राजपाल यादव से सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 2 करोड़ जमा करें,

चेक बाउंस मामले में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत तो मिली, लेकिन अदालत ने उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने राजपाल यादव को दो हफ्ते के भीतर कम से कम 2 करोड़ रुपए सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री में जमा करने का आखिरी मौका दिया है। वहीं 5 अक्टूबर को अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक जारी रहेगी। अदालत ने राजपाल यादव को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का भी आदेश दिया है।

राजपाल यादव पर शिकायतकर्ता मुरली प्रोडक्शंस के करीब 5 करोड़ रुपए बकाया हैं। सुनवाई के दौरान उनके वकील ने भरोसा दिलाया कि दो हफ्ते के भीतर कम से कम 2 करोड़ रुपए जमा कर दिए जाएंगे। वकील ने बाकी रकम की जमानत देने की बात भी कही।

कोर्ट ने कहा- पिछला रवैया भरोसा करने लायक नहीं

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव के पिछले रवैये पर सवाल उठाया। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि उनकी पिछली हरकतों के बाद उन पर भरोसा करना मुश्किल है।

अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि राजपाल यादव बॉलीवुड में ड्रामा और एक्टिंग करने में माहिर हैं और कोर्ट में भी वही कर रहे हैं।

5 अक्टूबर तक गिरफ्तारी से राहत

सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को फिलहाल गिरफ्तारी से राहत दी है। अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। तब तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक रहेगी।

हालांकि यह राहत कुछ शर्तों के साथ मिली है। अदालत ने दो हफ्ते में कम से कम 2 करोड़ रुपए रजिस्ट्री में जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही पासपोर्ट सरेंडर करने को कहा है।

7 चेक बाउंस मामलों में हुई थी सजा

चेक बाउंस से जुड़े 7 मामलों में राजपाल यादव को तीन-तीन महीने की सजा सुनाई गई थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें 10 सितंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया था।

इसके बाद राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। 8 सितंबर को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अगर राजपाल यादव और अन्य याचिकाकर्ता बुधवार तक सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री में 5 करोड़ रुपए जमा कर देते हैं, तो उन्हें फिलहाल सरेंडर करने से छूट दी जाएगी।

हालांकि तय रकम जमा नहीं हो सकी। इसके बावजूद इस बार सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से राहत देते हुए 2 करोड़ रुपए जमा करने का आखिरी मौका दिया है।

Related Articles

Back to top button