छत्तीसगढ़ के 4 जिलों में बारिश के आसार, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर में बिजली गिरने की चेतावनी; अगले 2 दिन कुछ इलाकों में हो सकती है बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के दक्षिणी हिस्से के चार जिलों सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
इन इलाकों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रायपुर में 34 डिग्री तक रहेगा तापमान
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, दोपहर या शाम के समय आसमान में बादल छा सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था।
पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
प्रदेश में गुरुवार को पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 18.8 डिग्री रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23.1 डिग्री दर्ज किया गया। माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 22.8 डिग्री रहा।
दो ट्रफ लाइन का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य अरब सागर तक पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर दूसरी ट्रफ गुजर रही है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। दक्षिणी जिलों में लोगों को तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



