आंधी-बारिश में विद्युत व्यवस्था बहाल करने वाले पुरस्कृत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

आंधी-बारिश में विद्युत व्यवस्था बहाल करने वाले पुरस्कृत

रायपुर. प्रदेश में विपरीत परिस्थितियों में भी विद्युत आपूर्ति कर उपभोक्ता सेवा में लगे अधिकारी-कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के चेयरमैन अंकित आनंद ने पुरस्कृत किया। बस्तर के सघन वन क्षेत्र में भारी-बारिश के दौरान नदी पार करके ब्रेकडाऊन दुरुस्त करने वाले कर्मियों के साथ ही सूझबूझ व सजगता से कंपनी को संभावित क्षति से बचाने वाले कर्मियों को सम्मानित किया एवं उनके कार्यों की प्रशंसा की।

डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के रायगढ़ में पदस्थ जेई सुरेश कुमार गुप्ता को नन्देली एवं कुसमुरा वितरण केंद्रों के लाइन लास में 21.19 प्रतिशत की कमी लाने के लिए उत्कृष्टता पदक दिया गया। भानुप्रतापपुर के परिचारक श्रेणी-एक किशनराम जुर्री को कोयलीबेडा जैसे अत्यंत दुर्गम संवेदनशील क्षेत्र में रात में भी लाइन ब्रेकडाउन ठीक करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने बाढ़ की स्थिति में नदी पार करके विद्युत व्यवस्था बहाल की। हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम के संयंत्र परिचारक श्रेणी-एक ब्रिजेश प्रसाद विश्वकर्मा को उत्कृष्ट सेवा के लिए पदक दिया गया। विद्युत गृह मड़वा के जेई भीखम टंडन ने पीएलसी सिस्टम के लॉजिक में मॉडिफिकेशन कर पंप को अत्याधिक डेमेज होने से तथा आईल के अपव्यय को रोककर सूझबूझ का परिचय दिया। लाइन परिचारक ठामेन्द्र कुमार साहू को आपात परिस्थितियों में सिलतरा, सरोना, उरला, बीरगांव, कुथरेल उपकेंद्रों के संधारण में विशेष योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। ट्रांसमिशन कंपनी के संचार एवं टेलीमेटरी संभाग की एई कुमारी शालिनी लकड़ा को 50 साल पुराने 220 केवी उपकेंद्र में कार्यकुशलता से संचार उपकरणों को ठीक कर डाटा प्रेषण कार्य पूर्ण करने के लिए सम्मानित किया गया। एसई श्रीमती चंद्रकला गिदवानी, संयम सुमीत, देवेन्द्र कुमार खेलवार, नीरज कुमार वर्मा, धर्मजीत भट्ट, संजय अग्रवाल को पुरस्कृत किया गया। मुख्यालय में आयोजित उत्कृष्ट पदक वितरण समारोह में प्रबंध निदेशकगण उज्जवला बघेल, मनोज खरे एवं एसके कटियार भी उपस्थित थे। राज्य स्तर पर पांच हजार रुपए नकद के साथ प्रशस्ति पत्र और पदक प्रदान किया गया।

Related Articles

Back to top button