छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, बदली और कोहरे बीच रायपुर समेत कई शहरों में हल्की बारिश - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
City

छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, बदली और कोहरे बीच रायपुर समेत कई शहरों में हल्की बारिश





रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम बदल गया है। आज बदली और कोहरे के बीच रायपुर समेत कई शहरों में हल्की बारिश हुई। इससे पारा गिरा और ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है बूंदाबादी का यह मौसम गुरुवार शाम तक बना रहेगा। उसके बाद मौसम साफ होगा। 7 और 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसकी वजह से कड़ाके की ठंड का एहसास होगा।

लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में उत्तर की ओर से ठंडी और शुष्क हवा का आना जारी है। दो दिनों से बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा भी आने लगी है। रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में उसका सम्मिलन बिंदु है। यानी इस क्षेत्र में अलग-अलग प्रकृति की हवा टकरा रही है। नमी वाली हवा के संपर्क में आने से स्थानीय स्तर पर ही बादल बने हैं। यह बादल घने नहीं हैं। इनकी ऊंचाई केवल 150 मीटर की है। ऐसे में रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में बूंदाबादी हो रही है।

सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भी बादलों का प्रभाव है। बुधवार रात से इनका असर कम होना शुरू हो जाएगा। गुरुवार शाम तक बादलों के छंट जाने की संभावना बन रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट तेज होगी। 7 और 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट हो सकती है। संभावना है कि उन दो-तीन दिनों में इस सीजन की सबसे अधिक ठंड पड़े।

अभी सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान

अधिकांश क्षेत्र में बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। शुक्रवार को सूर्याेदय से पहले अंबिकापुर सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड हुआ। वहां न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा है। कोरिया में 9.3 और जशपुर में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दोपहर तक यह आधा से एक डिग्री अधिक हो पाया था। रायपुर में न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।








Related Articles

Back to top button