महादेव सट्टा एप मामले में ED की चार्जशीट में 5 आरोपी, भूपेश का नाम भी शामिल

रायपुर। सत्ता परिवर्तन के बाद से महादेव सट्टा एप के आरोपियों के खिलाफ ईडी की कार्रवाई तेज हो गई है। इस मामले में ईडी ने चार्जशीट में पांच आरोपियों को शामिल किया है, जिसमें शुभम सोनी का नाम भी शामिल है। बता दें कि शुभम सोनी वही शख्स है जिसने पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर 508 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया था। इस चार्जशीट में ईडी ने भूपेश बघेल ने के नाम का भी जिक्र किया है। इससे बघेल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
ईडी के सूत्रों ने बताया कि एजेंसी ने महादेव बेटिंग एप के मामले में एक पूरक चालान कोर्ट में पेश किया है। इसमें 5 और लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें शुभम सोनी, अमित कुमार अग्रवाल, रोहित गुलाटी, भीम सिंह और असीम दास शामिल हैं। शुभम सोनी वही है जिसने विधानसभा चुनाव के दौरान पहले ईडी को ईमेल करके खुद को महादेव एप का मालिक बताया था। सोनी ने बाद में वीडियो भी जारी किया, जिसमें उसने तत्कालीन सीएम बघेल और उनसे जुड़े लोगों के साथ ही एक आईपीएस अफसर का भी नाम लिया था।
बताया जा रहा है कि ईडी ने पूरक चालान 5.39 करोड़ रुपये के साथ पकड़े गए असीम दास के बयान और उसके बाद हुई चांज के आधार पर पेश किया है। बता दें कि ईडी ने 2 नवंबर 2023 को असीम दास को ईडी ने पकड़ा था। तब दास ने ईडी को दिए बयान में तत्कालीन सीएम बघेल सहित कुछ अन्य लोगों का नाम लिया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही दास अपने बयान से मुकर गया। उसे जेल से ही पत्र लिखकर ईडी पर दबाव पूर्वक बयान लेने का आरोप लगाया था। दास फिर एक बार अपने बयान से पलट गया है। ईडी के अफसरों ने जेल में जाकर दास का नया बयान दर्ज किया है। इसमें दास ने बताया कि उसने दूसरा बयान किसी के दबाव में दिया था। वह व्यक्ति वकील के साथ जेल में आया था। बता दें कि महादेव एप मामले में अब तक ईडी 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।



