Khetri Mine Accident : खेतड़ी खदान में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित निकाला बाहर,7 अब भी अंदर,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी,जानें ताजा अपडेट - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

Khetri Mine Accident : खेतड़ी खदान में फंसे 8 लोगों को सुरक्षित निकाला बाहर,7 अब भी अंदर,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी,जानें ताजा अपडेट

राजस्थान के झुंझुनू जिले के खेतड़ी में एक खदान में फंसे हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के अधिकारियों समेत टीम के 15 सदस्यों में से 8 को बुधवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.चिकित्सा सहायता में लगे एक चिकित्सक ने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और बाकी को भी जल्द बाहर निकाला जाएगा.

खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर ने दी ये जानकारी

घटनास्थल पर मौजूद खेतड़ी के विधायक धर्मपाल गुर्जर ने बताया,”पहले चरण में 3 व दूसरे चरण में 8 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है.उन्होंने कहा कि वह मंगलवार रात से ही घटनास्थल पर हैं और बाकी लोगों को भी जल्द ही बाहर निकाल लिए जाने की संभावना है.झुंझुनूं के खेतड़ी में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की कोलिहान खदान में मंगलवार रात लिफ्ट की रस्सी टूटने से 15 अधिकारी व कर्मचारी फंस गए थे.

Image Source : PTI

3 लोगों को भेजा गया अस्पताल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और प्रभावितों को हरसंभव मदद एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया है.इससे पहले चिकित्सा सहायता में शामिल डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया था कि बचाव टीम द्वारा बचाए गए 3 लोगों को अस्पताल भेजा गया है.उन्होंने कहा, ‘सभी सुरक्षित हैं. उनमें से 3 को खदान से निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है.उनके शरीर में फ्रैक्चर हैं.”

कैसे हुआ हादसा ?

यह घटना तब घटी जब सतर्कता टीम सरकारी स्वामित्व वाली इस कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ निरीक्षण के लिए खदान के अंदर गई थी.पुलिस ने कहा कि जब वे ऊपर आने वाले थे, तो शॉफ्ट या ‘कैग’ की एक सांकल टूट गई.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हर संभव मदद की कही बात

मुख्यमंत्री शर्मा ने बुधवार सुबह ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘झुंझुनूं के खेतड़ी में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की कोलिहान खदान में लिफ्ट की रस्सी टूटने से हुए हादसे की सूचना प्राप्त हुई.संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और प्रभावितों को हर संभव मदद व स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं,’’

Related Articles

Back to top button