मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

‘मुस्कुराता बस्तर’ को मिलेगा कला का नया मंच, जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए होगी कार्टून कार्यशाला

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को कला के माध्यम से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ रखी गई है।

कार्यशाला में विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला की बारीकियों से परिचित कराया जाएगा। साथ ही उन्हें बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन स्थलों और लोक परंपराओं को रचनात्मक तरीके से चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बस्तर की सकारात्मक छवि को मिलेगा मंच

आयोजकों के अनुसार, बस्तर अपनी प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक विविधता के लिए देश-दुनिया में पहचान बना रहा है। चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा सहित कई परंपराएं इसकी समृद्ध विरासत का हिस्सा हैं।

‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम के जरिए बस्तर के सकारात्मक पहलुओं को कार्टून कला के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देंगे प्रशिक्षण

कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। दोनों कलाकार लाइव डेमो के जरिए ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीक सिखाएंगे।

विद्यार्थियों को कार्टून कला के रचनात्मक पहलुओं के साथ-साथ इसके सामाजिक महत्व और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

आयोजकों का कहना है कि इस कार्यशाला का उद्देश्य बस्तर की नई पीढ़ी को कला, संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ना है। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलेगा और बस्तर की सकारात्मक पहचान को कला के माध्यम से देशभर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button