कौशिक बोले-सीमेंट और सरिया पर लग रहा कांग्रेसी टैक्स

रायपुर(realtimes) पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने सीमेंट और सरिया की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि को लेकर प्रदेश सरकार के ढुलमुल रवैए पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, किसानों के बोनस की राशि में डकैती करने वाले, गरीबों का आवास छीनने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब लोगों को घर बनाने में भी रोक रहे हैं। सीमेंट और सरिया पर अब कांग्रेस टैक्स की वसूली हो रही है।
श्री कौशिक ने कहा, इतिहास गवाह है जहां-जहां कांग्रेस का राज रहा है, वहां चुनाव की नजदीकी को देखकर कांग्रेस अपना निजी टैक्स लगाना शुरू कर देती है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार चुनावी वर्ष देखकर सीमेंट व सरिया में बेतहाशा वृद्धि करके कंपनियों को मनमानी करने की छूट दे रखी है, इसका सीधा खामियाजा प्रदेश के मध्यम वर्ग को उठाना पड़ रहा है, पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इन सब से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार ने सीमेंट के दामों पर 20 रुपए प्रति बोरी बढ़ाकर मंहगाई का आगाज कर दिया है। पर कांग्रेस की सरकार यहां नहीं रूकने वाली है आगे भी भूपेश सरकार जनता को लूट कर अपना खजाना भरने की नीति बना रखी है।



