भाजपा के प्रदेश प्रभारी माथुर जिलों के कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने में जुटे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा के प्रदेश प्रभारी माथुर जिलों के कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने में जुटे

रायपुर . प्रदेश भाजपा संगठन पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गया है। कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने अब नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने जिलों में जाने का मोर्चा संभालने का काम प्रारंभ किया है। जनवरी में बालोद जिले से जिलों का दौरा करने का क्रम प्रारंभ हुआ है। इसके बाद फरवरी में चार जिलों का दौरा किया। अब उनका इस माह फिर से दौरा प्रारंभ हुआ है।
प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे समय में भाजपा ने अभी से पूरी ताकत झोंकने का फैसला कर लिया है। एक तरफ जहां भाजपा के दिग्गज नेताओं को लोकसभा पर दौरा कराकर विधानसभाओं की पूरी रिपोर्ट तैयार कराई गई है। वहीं सभी बड़े नेताओं को बूथों को मजबूत करने का भी फरमान जारी किया गया है। ऐसे में अब नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने खुद भी जिलों का दौरा करके जिलों के पदाधिकारियों में उत्साह भरने का फैसला किया है। इसके पहले जब डॉ. अनिल जैन और उनके बाद डी. पुरंदेश्वरी प्रदेश प्रभारी थीं तो उन्होंने भी जिलों का दौरा प्रारंभ किया था। सहप्रभारी नितिन नवीन भी जिलों का दौरा कर रहे हैं।
आज जाएंगे अंबिकापुर
श्री माथुर के साथ सहप्रभारी नितिन नवीन एक दिन पहले ही प्रदेश के दौरे पर आए हैं। पहले दिन दोनों भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। एक दिन पहले श्री माथुर और श्री नवीन ने बिलासपुर और मुंगेली का दौरा किया है। यहां के पदाधिकारियों को बूथों पर फोकस करने के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी को भी जनता के बीच ले जाने के निर्देश दिए हैं। आज जहां ओम माथुर अंबिकापुर जाएंगे, वहीं नितिन नवीन दुर्ग में जाकर बैठक लेंगे। कल श्री माथुर रायपुर संभाग की चंपारण में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। श्री नवीन आज शाम काे वापस लौट जाएंगे। 

Related Articles

Back to top button