CSC सेंटर संचालक से 30 हजार की लूट: 3 बदमाशों ने डंडे से पीटा, मोबाइल छीनकर हुए फरार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक सीएससी सेंटर संचालक से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने युवक को बीच रास्ते में रोककर न सिर्फ उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि जान से मारने की धमकी देकर उसके पास रखे 30 हजार 100 रुपए और मोबाइल भी लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित ने खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम अमनदुला निवासी अनिल कुमार (36) पिछले कई वर्षों से खरसिया के मदनपुर में रहकर तहसील कार्यालय के सामने सीएससी सेंटर का संचालन कर रहे हैं। किसी जरूरी काम के लिए उन्हें नकदी की आवश्यकता थी। इसके लिए वे हमालपारा स्थित एसबीआई के एटीएम पहुंचे और वहां से 30 हजार 100 रुपए निकाले।
पैसे निकालने के बाद अनिल वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हमालपारा तालाबपार निवासी शुभम केंवट, अजय भट्ट और प्रियांशु भट्ट वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने बिना किसी कारण के अनिल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और डंडे से उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं, उसे जमीन पर घसीट-घसीटकर भी मारा गया।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 30 हजार 100 रुपए और मोबाइल फोन भी छीन लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अनिल कुमार ने खरसिया चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



