गरबा नाइट के दौरान बवाल, बजरंग दल और आयोजकों में मारपीट

फिल्मी गानों और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी का किया विरोध, वीडियो वायरल
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गरबा नाइट के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच विवाद हो गया। पद्मनाभपुर स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित गरबा कार्यक्रम में फिल्मी गाने बजाने और मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर विरोध किया गया। देखते ही देखते विवाद झूमाझटकी और मारपीट तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व महापौर और दुर्ग शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की ओर से दो दिवसीय गरबा नाइट का आयोजन किया गया था। नवरात्रि के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर विरोध जताया। उनका कहना था कि गरबा मां दुर्गा की उपासना का पर्व है, इसलिए इसमें फिल्मी गानों के बजाय धार्मिक गीत बजाए जाने चाहिए। साथ ही कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों की मौजूदगी पर भी आपत्ति जताई गई।
मंच पर चढ़कर माइक से जताया विरोध
वायरल वीडियो में बजरंग दल के जिला संयोजक रामलोचन तिवारी मंच पर चढ़कर माइक से विरोध करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान आयोजकों और रामलोचन तिवारी के बीच बहस बढ़ गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी और मारपीट होने की बात सामने आई है।
वीडियो में रामलोचन तिवारी गरबा आयोजन में फिल्मी गाने नहीं बजाने और मुस्लिम युवकों को प्रवेश नहीं देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुस्लिम युवकों को प्रवेश दिया जा रहा है, तो उनके परिवार की महिलाओं और बेटियों को भी कार्यक्रम में लाया जाए।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। फिलहाल आयोजकों की ओर से विवाद को लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में जांच के बाद ही विवाद के कारणों और मारपीट से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देखे वीडियो



