शराबबंदी पर भाजपा महिला मोर्चा का हर मंडल में चक्का जाम - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

शराबबंदी पर भाजपा महिला मोर्चा का हर मंडल में चक्का जाम

रायपुर(realtimes) शराबबंदी काे लेकर भाजपा ने अब बड़ा आंदोलन करने का फैसला किया है। प्रदेश में भाजपा अब कई बड़े आंदोलन करने की रणनीति बनाकर चल रही है। इस कड़ी में सबसे बड़ा आंदोलन अब महिला मोर्चा का शराबबंदी को लेकर होगा। इसके लिए महिला मोर्चा की कार्यसमिति में फैसला किया गया है कि 15 मई से 15 जून तक भाजपा के 405 मंडलों में अलग-अलग दिनों में चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद जहां बूथों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, वहीं जिलाें में चक्का जाम होगा। अंत में राज्य स्तर पर प्रधानमंत्री आवास जैसा बड़ा आंदोलन राजधानी रायपुर में किया जाएगा।
प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश भाजपा संगठन ने लगातार आंदोलन करने का फैसला किया है। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर छह दिनों के छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए थे। लगातार बैठकें लेकर आंदोलन करने की रणनीति बनाई गई है। कांकेर में हुई महिला मोर्चा की कार्यसमिति में श्री माथुर जाने वाले थे, लेकिन बस्तर में हुए नक्सली हमले के कारण उनका कांकेर की बैठक में जाना रद्द हो गया। लेकिन महिला मोर्चा को शराबबंदी सहित महिलाओं के अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलन करने के उन्होंने निर्देश दिए। इसके बाद ही इसको लेकर रणनीति बनी है।
कांग्रेस ने नहीं किया वादा पूरा: शालिनी
महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत का कहना है, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया है। चुनाव में कांग्रेस के नेताओं ने गंगाजल हाथ में लेकर शराबबंदी करने की कसम खाई थी, लेकिन सरकार में आने के बाद कांग्रेस ने शराबबंदी नहीं की है। अब इसको लेकर बहानेबाजी हो रही है कि शराबबंदी करना संभव नहीं है। जब वादा पूरा नहीं करना था तो किया ही क्यों था। श्रीमती राजपूत ने कहा, अब हम शराबबंदी को लेकर सड़क पर आंदोलन करेंगे। इसके लिए पूरी योजना तैयार है। बूथ, मंडल जिला और अंत में राज्य स्तर पर बड़ा आंदोलन होगा।

Related Articles

Back to top button