रमन बोले-शाेक के क्षणों में राजनीति करना ठीक नहीं

रायपुर। दंतेवाड़ा के अरनपुर में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान, हमारे जवान लड़ते हुए शहीद हुए, पहले कैंप में बिना लड़े शहीद हो जाते थे, पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, दंतेवाड़ा की नक्सल घटना प्रदेश के लिए बहुत ही दुखद और कठिन समय है। ऐसे शोक के क्षण में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनीति कर रहे हैं, यह दुर्भाग्य है।
डाॅ. रमन ने कहा, पहले और आज की स्थिति की तुलना नहीं हो सकती, शहादत तो शहादत होती है। अपनी बहादुरी से छत्तीसगढ़ के जवान पहले भी लड़ते थे और आज भी लड़ते हुए शहीद हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, शहीदों की तुलना नहीं की जा सकती। पुलिस के शौर्य को तौला भी नहीं जा सकता है। डाॅ. रमन ने कहा, बस्तर से सरगुजा तक क्या स्थिति थी, वो जनता को याद है। जब सरगुजा में दिन में निकलना कठिन हो जाता था, किस प्रकार पूरा बस्तर प्रभावित था। आज जो परिस्थिति में बदलाव आया है, वह हमारे पुलिस जवानों के साहस एवं शौर्य की वजह से आया है।



