पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन का सवाल- कहां गए 17 लाख किसान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन का सवाल- कहां गए 17 लाख किसान

रायपुर. प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने सवाल खड़ा करते हुए कहा, जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विपक्ष में थे, तो कहते थे, प्रदेश में 39 लाख किसान हैं, अब उनकी सरकार है, तो सिर्फ 22 लाख किसानों का ही धान खरीदा जा रहा है, 17 लाख किसान कहां गए। सभी 39 लाख किसानों का धान प्रदेश सरकार को खरीदना चाहिए।
श्री अग्रवाल ने कहा, केंद्र की मोदी सरकार ने जो बजट पेश किया है, वह अब तक के इतिहास का ऐतिहासिक बजट है। इसमें हर वर्ग की चिंता की गई है। हर आदमी का सबसे बड़ा सपना होता है, अपना घर बनाना। मोदी सरकार ने इसके लिए बड़ा प्रावधान किया है। एक तरफ हमारी केंद्र की सरकार है, जो हर किसी के सिर पर छत चाहती है, दूसरी तरफ प्रदेश की कांग्रेस सरकार है, जो लोगों के अपने घरों का सपना छीनने में लगी है।

मिलेगी कैंसर की मुफ्त वैक्सीन

श्री अग्रवाल ने कहा, कैंसर की मुफ्त वैक्सीन पाने वाले राज्यों में अब छत्तीसगढ़ भी शामिल हो गया है। इसी तरह एकलव्य आवासीय विद्यालयों में भर्तियों से युवाओं को तथा मिलेट उत्पादाें को विदेशों में निर्यात करने की योजना से छत्तीसगढ़ में पैदा होने वाले कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी से किसानों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री पीवीटीजी डेवलपमेंट मिशन की घोषणा से छत्तीसगढ़ की विशेष संरक्षित जनजातियों के विकास में मदद मिलेगी। इसी तरह सिकलसेल एनीमिया को खत्म करने का मिशन केंद्र सरकार ने हाथ में लिया। इस बीमारी से प्रभावित छत्तीसगढ़ की बड़ी आबादी को बड़ी राहत मिलेगी।

छत्तीसगढ़ का विकास प्राथमिकता में

श्री अग्रवाल ने कहा, 5G एप के लिए 100 नई प्रयोगशाला शुरू करने की नीति में भी छत्तीसगढ़ सर्वोच्च प्राथमिकता में है। ये तमाम घोषणाएं यह दर्शाती हैं कि मोदी सरकार की नजरों में छत्तीसगढ़ का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, 2014-15 में रेलवे का जो बजट था, उससे नौ गुना ज्यादा बजट इस बार रखा गया है। इससे रेल सुविधाओं में क्रांति आएगी। छत्तीसगढ़ के 45 छोटे-बड़े स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button