छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का सहयोग मिलता तो  नक्सलवाद का हाे जाता सफाया -राजनाथ सिंह - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का सहयोग मिलता तो  नक्सलवाद का हाे जाता सफाया -राजनाथ सिंह

रायपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,  छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का सहयोग मिलता तो नक्सलवाद का कब का सफाया हाे गया हाेता। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने नौ वर्षों के कार्यकाल में क्रांतिकारी, युगांतरकारी परिवर्तन की नींव रखी है। आज पूरी दुनिया गौर से सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है? श्री सिंह शनिवार को कांकेर में भारतीय जनता पार्टी के महासंपर्क अभियान के सिलसिले में आयोजित महती जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कांकेर की सभा में श्री सिंह ने कहा, केंद्र सरकार ने देशभर में वामपंथी  उग्रवाद (नक्सलवाद) पर सख्ती से काबू पाया है और अब कुछेक जिलों में ही नक्सली वारदातें जारी हैं। यदि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपेक्षित सहयोग किया होता तो यहां भी नक्सलवाद का सफाया हो जाता। श्री सिंह ने छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को अवैध बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस पर रोक लगाए और इस काम में जिस सहयोग की आवश्यकता होगी, केंद्र सरकार वह सहयोग करेगी। श्री सिंह ने राज्य गठन के दौरान कांग्रेस शासनकाल की चर्चा भी की और कहा कि 2003 के चुनावों में भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ का समुचित विकास हुआ। भाजपा शासनकाल में छत्तीसगढ़ के विकास और कायाकल्प के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को श्रेय देते हुए श्री सिंह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार जिन वादों के साथ सत्ता में आई, उससे मुकरकर प्रदेश को उल्टी दिशा में ले जा रही है, जबकि केन्द्र की सरकार ने राजनीतिक आधार पर प्रदेश सरकार के साथ कोई सौतेला बर्ताव नहीं किया, केंद्र की सरकार ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की दिल खोलकर मदद की।उन्होंने कहा मुझे खुशी है तेज तर्रार अरुण साव आपके अध्यक्ष है।

कांग्रेस काे आदिवासियाें की चिंता नहीं 

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आदिवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया। यह पहली बार हुआ कि आदिवासियों के कल्याण की चिंता करके अलग राज्य बनाए गए जबकि लंबे समय तक हुकूमत में रही कांग्रेस ने आदिवासियों की कोई फिक्र नहीं की। दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, गरीबों, किसानों के हितों के लिए वही प्रतिबद्धता आज प्रधानमंत्री श्री मोदी में दिखाई दे रही है। एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति के पद तक पहुंचाने का करिश्मा भी श्री मोदी ने ही कर दिखाया है। 

आदिवासियों के कल्याण के लिए 90 हजार करोड़ 

श्री सिंह ने कहा कि आदिवासियों के कल्याण के लिए मोदी जी ने 90 हजार करोड़ का अलग से बजट प्रावधान तक किया है। देश के स्वाधीनता समर से लेकर कला-संस्कृति व समाजजीवन में उल्लेखनीय योगदान के लिए आदिवासी समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया है और आदिवासी समाज की गौरव-गाथा सारी दुनिया को बताई जा रही है। इससे पहले यह काम नहीं हुआ क्योंकि कांग्रेस के सत्ताधीश आत्मकेंद्रित राजनीति में ध्यान रखे हुए थे।

9 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साल

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, घर-घर शौचालय, गरीबों को नि:शुल्क अनाज और करोना वैक्सीन जैसी उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार के ये 9 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के साल हैं। उन्होंने कहा कि डेढ़ सौ से ज्यादा फसलों व वनोपजों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के दायरे में लाकर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किसानों के जीवन स्तर को उठाने का काम किया। बस्तर में रेल सुविधाओं के विस्तार का काम चल रहा है। 

कांग्रेस सरकार में सिर्फ घाेटाले हुए

रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस शासनकाल में केवल घोटाले-भ्रष्टाचार ही हुए हैं। राशन, शराब,  चावल, गौठान, जमीन, कोयला आदि घोटालों का जिक्र करते हुए श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। कांग्रेस यह जान चुकी है। अब उपमुख्यमंत्री पद का लालीपाप थमाकर वह प्रदेश को भ्रमित नहीं कर पाएगी। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेसनीत संप्रग की पूर्ववर्ती केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे लेकिन आज केन्द्र सरकार पर कोई एक रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप तक नहीं लगा पाया है। भाजपा भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं करती। श्री सिंह ने कहा कि कोरोना काल में भारत ने वैक्सीन बनाकर न केवल आत्मनिर्भरता का विश्वास पैदा किया, अपितु दुनिया के 120 देशों को भी हमने भारत से वैक्सीन मुहैया कराई। केंद्र सरकार ने गांव-गरीब-किसान, बेरोजगार, महिला सम्मान और झुग्गी-झोपड़ी में रह रहे इंसानों के लिए काम किया, जो कांग्रेस ने नहीं किया।

कांग्रेस सरकार काे उखाड़ फेंकेंगे साव 
भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कांकेर की पावन धरा से  राजनाथ सिंह को प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता गण यह भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हम सभी मिल कर कांग्रेस की इस सरकार को उखाड़ फेंकने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे और 2023 के विधानसभा चुनाव में और 2024 के लोकसभा चुनाव में पुनः भाजपा का झंडा बुलंद करेंगे।

रमन ने गिनाई उपलब्धियां 
 सभा को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिह ने प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल की उपलबिधयों की चर्चा की और कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में कांग्रेस शासनकाल में घोटालों-भ्रष्टाचार का सिलसिला चला हुआ है, अपराध बढ़ रहे हैं। डॉ. सिंह ने टीएस सिंहदेव की उपमुख्यमंत्री पद पर नियुक्ति पर कटाक्ष कर कहा कि कांग्रेस अब चाहे जितना जतन करे, प्रदेश की जनता ने परिवर्तन का संकल्प लेकर कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने का निश्चय कर लिया है। इसीलिए कांग्रेस अब सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कर रही है।

Related Articles

Back to top button