भाजपा ने उठाया सवाल- यूरिया की कमी नहीं तो नैनो के लिए टेंडर क्यों

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा प्रभारी संदीप शर्मा ने थोक में तरल नैनो खाद की खरीदी पर कहा, अब कांग्रेस की राज्य सरकार बर्मी कम्पोस्ट घोटाला करने के साथ ही नैनो खाद घोटाला करने पर आमादा है। क दिन पहले ही कृषि विभाग ने बयान जारी कर बताया है कि हमें जितना यूरिया चाहिए (6.50 लाख टन) उसका 80% अर्थात 5.26 लाख टन का भंडारण हो चुका और 3.18 लाख टन वितरण भी हो चुका। जब पर्याप्त यूरिया है तो नैनो यूरिया के लिए टेंडर की क्या आवश्यकता। नई खाद पर प्रदेश के किसान कितना भरोसा कर सकते हैं।
श्री शर्मा ने कहा, मुनाफाखोरी को बढ़ावा देने के लिए कांग्रेस सरकार ने रासायनिक खाद की कृत्रिम कमी पैदा की। बर्मी कम्पोस्ट जैविक खाद के नाम पर किसानों को गोबर में माटी मिलाकर टिकाने का पाप किया। इसमें भी भ्रष्टाचार में शायद कुछ कसर रह गई तो नैनो पर राज्य का खजाना लुटाया जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि रासायनिक खाद की कोई कमी नहीं है। सुनियोजित तरीके से कमी प्रचारित की गई ताकि कांग्रेस सरकार भारी मात्रा में नैनो खाद खरीदकर एक और घोटाले का रास्ता बना सके। कमीशन खाने के लिए किसानों को खाद संकट में डाला गया है। यह सरकार समय पर खाद का उठाव नहीं करती। नींद में गाफिल रहती है और हर साल बहानेबाजी करके किसानों का संकट बढ़ाती है। किसानों को धोखा देने वाली कांग्रेस जब से छत्तीसगढ़ की सत्ता में आई है, किसानों के दुर्दिन आ गए हैं। इस सरकार के कृषि मंत्री खाद संकट के लिए जिम्मेदार हैं और उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए।



