खून से लथपथ मिला पत्रकार का शव..सिर पर गहरे चोट के निशान, हत्या की आशंका - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खून से लथपथ मिला पत्रकार का शव..सिर पर गहरे चोट के निशान, हत्या की आशंका

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। मनेंद्रगढ़ के चनवारीडांड में मौहारीपारा ग्रांउड के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। युवक पास में ही अपनी पत्नी और बेटी के साथ किराए के मकान में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि घर में या घर के आसपास ही युवक की हत्या कर शव को फेंका गया है। घटना मनेंद्रगढ़ कोतवाली क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, चनवारीडांड में स्थित डिपो के पीछे मौहारीपारा में गुरुवार सुबह लगभग साढ़े 7 बजे युवक का शव लोगों ने देखा। युवक की पहचान रईस अहमद (40) के रूप में हुई है। शव औंधे मुंह पड़ा मिला। युवक पेशे से पत्रकार था। सूचना पर मनेंद्रगढ़ टीआई अमित कृष्ण कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं पर MCB एसपी चंद्रमोहन सिंह भी मौके पर पहुंचे।

सुबह आया था कॉल, घर आया था बाइक सवार

प्रारंभिक पुलिस जांच में पता चला है कि रईस अहमद के मोबाइल फोन पर सुबह करीब पांच बजे दो-तीन कॉल आए हैं। सुबह एक युवक भी उसके घर बाइक से आया था, जो डेढ़ घंटे बाद सुबह 6.30 बजे के आसपास घर से गया है। बताया गया है कि रईस अहमद रात को एक बजे तक अन्य पत्रकारों के साथ था। देर रात वह घर लौटा था और सुबह हत्या की सूचना मिली।

रईस अहमद पिछले करीब एक माह से चनवारीडांड में अपनी पत्नी और 3 साल की बेटी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। उसका शव घर से करीब दो सौ मीटर दूरी पर मिला है। मकान के पास खून से लथपथ एक गमछा भी मिला है।  इस मामले की सूचना पर अंबिकापुर से फॉ​​​रेंसिक एक्सपर्ट एसपी सिंह की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही सूरजपुर से डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंच गई है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button