CG गर्मी का असर: राजधानी में एसी, बिलासपुर में फ्रिज के कंप्रेसर ब्लास्ट होने से घर में लगी आग.. सामान जलकर खाक..

रायपुर। नौतपा का कहर देखने को मिल रहा है। सूरज की गर्मी ऐसी आग उगल रही है कि अब लोगों के घरों में एसी और फ्रिज में भी ब्लॉस्ट होने लगे है। राजधानी रायपुर के राजीव नगर के एक मकान की एसी में ब्लास्ट होने से आग लग गई। खम्हारडीह थाने में इस घटना की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, ओमलाल चंदेश्वर जो कि मकान नंबर ई-12 में रहते हैं। घर में लगे एसी में ब्लास्ट हो गया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्लास्टिक बॉडी होने से आग में पूरी एसी जलकर खाक हो गया।
बिलासपुर में फ्रिज के कंप्रेशर में हुआ ब्लास्ट
बिलासपुर में फ्रिज के कंप्रेशर में ब्लास्ट होने से घर में आग लग गई। घर पर मौजूद लोग आनन-फानन में जान बचाकर बाहर निकले। इसके बाद डायल 112 को फोन कर सूचना दी। कुछ समय बाद पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। हादसे से कमरे में रखा सामान जल गया है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि कुम्हारपारा अंसारी गली निवासी समार प्रजापति अपने घर का फ्रिज, टीवी और सोफा सहित अन्य सामान छत के ऊपर रखा था। मंगलवार को फ्रिज के कंप्रेशर में ब्लास्ट हो गया। वहां आस-पास रखे भूसा सहित अन्य सामान में आग लग गई। इससे आसपास हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड़ की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।



