
आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से पूरा देश परेशान है। जिस प्रकार से इन लोगों ने संवैधानिक संस्थाओं को खिलौना बना रखा है, इससे सभी परेशान हैं।
बिहार में आज महागठबंधन ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ ‘प्रतिरोध मार्च’ निकाला। आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ सड़क पर उतरे और ‘प्रतिरोध मार्च’ निकाला। मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।
आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से पूरा देश परेशान है। जिस प्रकार से इन लोगों ने संवैधानिक संस्थाओं को खिलौना बना रखा है, इससे सभी परेशान हैं। तमाम ऐसे मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच आए हैं। लोगों का समर्थन देख सकते हैं।
आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव भी ‘प्रतिरोध मार्च’ में शामिल हुए। उन्होंने आरसीपी सिंह पर जमीन खरीद से संबंधित आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। तेज प्रताप ने कहा कि आप लोग देख ही रहे हैं जिसका पतन होना शुरू हो जाता है, वो अपने आप उजागर होने लगता है। इन लोगों ने पूरी तरह भ्रष्टाचार करने का काम किया। नौजवान इधर उधर भटक रहा है, इसीलिए हम लोग मार्च निकाल रहे हैं।
महागठबंधन के घटक दलों कांग्रेस, सीपीआई-एमएल, सीपीआई और सीपीएम ने भी प्रदेशभर में प्रतिरोध मार्च निकाला। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के विधायकों, पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटना में इनकम टैक्स से चलकर डाकबंगला चौराहे तक ‘प्रतिरोध मार्च’ निकाला और महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद किया।



