पतंजलि घी मिलावट और सेहत की अफवाहों पर बोले बाबा रामदेव

पतंजलि घी में मिलावट के आरोपों और अपनी सेहत को लेकर चल रही अफवाहों पर योगगुरू बाबा रामदेव ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी सवालों का जवाब दिया। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पतंजलि का घी पूरी तरह शुद्ध है और दुनिया के कई देशों में बिक रहा है, जो अब तक किसी भी लैब टेस्ट में फेल नहीं हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से उनकी मुलाकात हो चुकी है और उन्होंने अपनी गलतफहमी दूर कर इस विवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया है।
‘किसी लैब टेस्ट में फेल नहीं हुआ पतंजलि का घी’
बाबा रामदेव ने मिलावट के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पतंजलि के गाय के घी या किसी दवा में कोई मिलावट नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके घी में कोई हड्डी, चर्बी या वनस्पति तेल इस्तेमाल नहीं होता है और यह दूसरी कंपनियों से बेहतर है। उन्होंने सवाल उठाया कि विदेशी बहुराष्ट्रीय कंपनियों, अमूल, नंदिनी या कोका-कोला जैसी कंपनियों पर कोई सवाल नहीं उठाता, जबकि पतंजलि ने विदेशी कंपनियों की जड़ें हिला दी हैं।
बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात और विवाद का अंत
कैसरगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पिछले दिनों आरोप लगाया था कि 30 किलो दूध से एक किलो घी बनता है, तो 500 रुपये में घी कैसे बेचा जा रहा है। इस पर रामदेव ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह ने सुनी-सुनाई बातों के आधार पर आरोप लगाए थे। आज उनसे मुलाकात के बाद उनकी सारी गलतफहमियां दूर हो गई हैं और उन्होंने इस मामले को खत्म कर दिया है। गौरतलब है कि इन आरोपों के बाद पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने बृजभूषण के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
सेहत और सर्जरी की अफवाहों का भी दिया जवाब
अपने स्वास्थ्य को लेकर उड़ रही अफवाहों पर बाबा रामदेव ने स्पष्ट किया कि पिछले 2-3 महीनों से उनके घुटने, हर्निया या हार्ट के ऑपरेशन की झूठी खबरें फैलाई जा रही थीं। उन्होंने कहा कि एम्स या मेदांता कहीं भी उनका कोई ऑपरेशन नहीं हुआ है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
‘मेरे नाम पर एक इंच जमीन भी नहीं’
अपनी संपत्ति और दवाओं पर बैन के दावों पर बोलते हुए रामदेव ने कहा कि उनके नाम पर एक इंच जमीन भी नहीं है। उन्होंने बताया कि पतंजलि ने 200 देशों में 200 करोड़ लोगों तक योग, आयुर्वेद और सनातन परंपरा को पहुंचाया है। उन्होंने इस बात को भी खारिज किया कि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दवाओं पर रोक लगाई है और स्पष्ट किया कि उनकी किसी भी दवा पर बैन नहीं है।



