वैभव सूर्यवंशी का टला डेब्यू , भारत की प्लेइंग इलेवन बरकरार

रांची। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि मैदान पर पहले से काफी नमी है और खेल आगे बढ़ने के साथ परिस्थितियां और चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। इसे देखते हुए टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
इस अहम मुकाबले के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऐसे में रांची के ‘लोकल बॉय’ वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय टी-20 में पदार्पण के लिए अभी और इंतजार करना होगा।
वहीं, वेस्टइंडीज ने अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए फोर्ड की जगह गुडाकेश मोती को शामिल किया है। टॉस से पहले स्टेडियम के बाहर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच दर्शकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। स्टेडियम के गेट पर लॉकर की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें अपने बैग और हेलमेट बाहर बने अस्थायी स्टॉलों पर जमा कराने पड़े। इसके लिए दर्शकों को 50 रुपये तक चुकाने पड़े।
भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, विकेटकीपर संजू सैमसन, ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह को शामिल किया गया है।
वहीं, वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में कप्तान शाई होप के अलावा कामिल पूरन, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, रोस्टन चेज़, शमार स्प्रिंगर, अकील होसेन, शमार जोसेफ और गुडाकेश मोती शामिल हैं।



