सेमीफाइनल में भारत-श्रीलंका आमने-सामने, जाने पाकिस्तान की भिड़ंत किसे

2026 एशियन गेम्स के क्रिकेट टूर्नामेंट में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खास बात यह है कि भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने अब तक टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं खेला, फिर भी चारों टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
वहीं, हॉन्ग कॉन्ग, अफगानिस्तान, मलेशिया और नेपाल ने ग्रुप स्टेज में मुकाबले खेलकर क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, क्वार्टरफाइनल मुकाबले बारिश के कारण रद्द होने से इन टीमों को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए मैदान पर अपनी दावेदारी साबित करने का मौका नहीं मिल सका।
सीडिंग सिस्टम से मिली सीधे क्वार्टरफाइनल में एंट्री
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सीडिंग सिस्टम के तहत भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश दिया गया था। क्वार्टरफाइनल के सभी मुकाबले बारिश के कारण नहीं हो सके। ऐसे में बेहतर रैंकिंग के आधार पर इन चारों टीमों को सेमीफाइनल में प्रवेश मिला।
अब सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे।
1 अक्टूबर को होंगे दोनों सेमीफाइनल
एशियन गेम्स क्रिकेट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
पहला सेमीफाइनल: पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश — 1 अक्टूबर, सुबह 5:30 बजे (भारतीय समय)
दूसरा सेमीफाइनल: भारत बनाम श्रीलंका — 1 अक्टूबर, सुबह 10:00 बजे (भारतीय समय)
इस तरह भारतीय टीम सीधे सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। वहीं पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच पहले सेमीफाइनल में फाइनल का टिकट हासिल करने की जंग होगी।
बारिश के कारण टूर्नामेंट के नियमों पर उठे सवाल
एशियन गेम्स का क्रिकेट टूर्नामेंट बारिश के कारण चर्चा में भी रहा है। ग्रुप स्टेज के दौरान कई मुकाबले प्रभावित हुए और इसके बाद चारों क्वार्टरफाइनल मुकाबले भी बारिश की वजह से रद्द हो गए।
क्वार्टरफाइनल मुकाबले नहीं हो पाने के बाद बेहतर रैंकिंग वाली टीमों को अगले दौर में भेजने के नियम का इस्तेमाल किया गया। इसी आधार पर भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंच गए।
बता दें कि 2022 एशियन गेम्स में भी बारिश के कारण फाइनल मुकाबला नहीं हो सका था। उस समय बेहतर रैंकिंग के आधार पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को स्वर्ण पदक दिया गया था।



