केंद्रीय उर्वरक मंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ को जरूरत की खाद दी, न करें राजनीति - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

केंद्रीय उर्वरक मंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ को जरूरत की खाद दी, न करें राजनीति

रायपुर(realtimes) केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने कहा, छत्तीसगढ़ की सरकार कम से कम किसानों के मामले पर राजनीति न करे। केंद्र की ओर से किसी को भी एक बोरी खाद की कमी नहीं होने दी जा रही है। राज्य की मांग के अनुसार यथा समय खाद की आपूर्ति कर दी गई है, लेकिन यहां पर जानकारी मिल रही है कि किसानाें को खाद नहीं मिल पा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़े के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित भाजपा के विशिष्ट आयोजन में भागीदारी करने आए केंद्रीय राज्यमंत्री भगवंत खूबा ने कहा, विश्व में विभिन्न कारणों से खाद की कीमत 5 गुना बढ़ गई है। परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सब्सिडी ढाई लाख करोड़ रुपए कर दी है, ताकि किसानों को परेशानी न हो। ऐसी स्थिति में राज्य सरकार जो राजनीति कर रही है, वह ठीक नहीं है। केंद्र सरकार किसानों के हक में अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रही है लेकिन राज्य सरकार को राजनीति से फुर्सत नहीं है। वह किसानों के मुद्दे पर राजनीति करने की बजाये अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाए।

दीनदयाल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर तेलीबांधा स्थित प्रतिमा पर केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन राज्य मंत्री भगवंत खूबा ने माल्यार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक शासन की सारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह अंत्योदय का सिद्धांत है। इसी सिद्धांत का अनुसरण करते हुए संपूर्ण भारतीय जनता पार्टी और हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनहित की योजनाएं तैयार की हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चलकर ही आज भारत का नाम विश्व में सम्मान के साथ लिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button