नड्डा के राेड शाे के लिए बनेगा रथ, शहर के ही 20 हजार कार्यकर्ता करेंगे शिरकत

रायपुर(realtimes) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो के लिए आज-कल में रथ बनाने का काम प्रारंभ हाेगा। उनके राेश शाे में रायपुर शहर के ही 20 हजार कार्यकर्ता जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। ये सारे कार्यकर्ता रायपुर की चार विधानसभाओं से ही बुलाए जाएंगे। यूं तो इसी दिन बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन भी है, जिसमें 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता रहेंगे, लेकिन इनको रोड शो का हिस्सा न बनाकर शहर के कार्यकर्ताओं को ही रोड शो में रखने का फैसला किया गया है। रोड शो के लिए बड़ी मेटाडोर काे रथ के रूप में तैयार किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के नेताओं के भी पोस्टर लगेंगे। इसी के साथ पूरे शहर को भी बैनर-पोस्टर से पाटने की तैयारी है।
बतौर अध्यक्ष श्री नड्डा का पहली बार 9 सितंबर को रायपुर आगमन हो रहा है। इस दिन जहां माना विमानतल पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी है, वहीं एक बड़ा रोड शो भी होगा। स्वागत का जिम्मा रायपुर के सांसद सुनील सोनी को दिया गया है, वहीं रोड शो की जिम्मेदारी रायपुर दक्षिण के विधायक बृजमाेहन अग्रवाल को और कार्यकर्ता सम्मेलन की जिम्मेदारी राजेश मूणत के साथ अन्य नेताओं को दी गई है।
रोड शो के लिए बनेगा रथ
रोड शो के लिए एक बड़ी मेटाडोर को रथ का रूप दिया जाएगा। इसे तैयार करने का काम एक-दो दिन में प्रारंभ होगा। इस रथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ प्रदेश के नेताओं की तस्वीर वाले पोस्टर लगेंगे। रोड शो का प्रारंभ तेलीबांधा से पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा से होगा। एकात्म परिसर तक होने वाले इस रोड शो में कई स्थानों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत होगा। इसी के साथ इस रोड शो में 20 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। रोड शो में ढोल-बाजे भी रहेंगे।
रथ में रहेंगे ये नेता सवार
रथ में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सहप्रभारी नितिन नवीन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, रायपुर के सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल के साथ कुछ और नेता रहेंगे।



