पुरंदेश्वरी नाम लेकर पहुंची, भाजपा विधायक दल की बैठक में आज चुना जाएगा नया नेता प्रतिपक्ष

रायपुर(realtimes) भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी दिल्ली से नए नेता प्रतिपक्ष के नाम का लिफाफा लेकर रायपुर पहुंच गई हैं। आज नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की विदाई हो जाएगी। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दोपहर को एक बजे विधायक दल की बैठक में नए नेता प्रतिपक्ष के रूप में नारायण सिंह चंदेल की ताजपोशी होना तय है। इस बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नवीन भी रहेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन का पूरा फोकस छत्तीसगढ़ में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर है। इसके लिए पार्टी वह सब करने की तैयारी में है, जिससे भाजपा की सत्ता में वापसी हो सकी। इसकी पहली कड़ी में प्रदेशाध्यक्ष बदला गया है। नया प्रदेशाध्यक्ष साहू समाज के बिलासपुर के सांसद अरूण साव को बनाया गया है। नए अध्यक्ष की ताजपोशी के साथ ही यह बात भी तय हो गई थी कि अगले कदम पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक की विदाई होगी। उनको दिल्ली भी तलब किया गया। श्री कौशिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बंद कमरे में बातचीत भी हुई। उनके बीच क्या बात हुई, इसकी खुलासा नहीं किया गया, लेकिन इसके बाद यह बात सामने आई है कि नेता प्रतिपक्ष के पद से श्री कौशिक को विदा जाएगा।
कुर्मी पर फोकस
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कुर्मी समाज से हैं। कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कुर्मी समाज से हैं। कांग्रेस हमेशा ओबीसी की बात करती है। प्रदेश में ओबीसी की संख्या ज्यादा होने के कारण अब भाजपा का भी पूरा फोकस ओबीसी पर है। इसमें साहू और कुर्मी समाज की संख्या ज्यादा है। साहू समाज को प्रदेशाध्यक्ष के रूप में प्रतिनिधित्व देने के बाद अब बारी नेता प्रतिपक्ष की है। इसका जिम्मा भाजपा अब कुर्मी के स्थान पर कुर्मी काे देने वाली है।
पुरंदेश्वरी लेकर आईं नाम
भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी आज सुबह यहां पहुंची। जानकाराें का साफ कहना भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने जाे नाम तय किया है, उनके नाम का लिफाफा प्रदेश प्रभारी लेकर आईं हैं। नाम ताे श्री चंदेल का ही तय माना जा रहा है, लेकिन उनके नाम के स्थान पर किसी और का नाम भी लिफाफे में निकल जाए ताे आश्यर्य नहीं हाेगा, क्यााेंकि भाजपा में कुछ भी संभव है।



