भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष साव कल आएंगे, विमानतल से एकात्म परिसर तक हाेगा जोरदार स्वागत

रायपुर(realtimes) भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष बिलासपुर के सांसद अरूण साव का दिल्ली से कल रायपुर आगमन होगा। यहां आने पर विमानतल से लेकर एकात्म परिसर तक जोरदार स्वागत किया जाएगा। एक हजार से ज्यादा बाइक पर उनकी अगवानी हाेगी। यहां आने के बाद पहले उनका एकात्म परिसर में भी स्वागत होगा। इसके बाद वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में जाकर पदभार ग्रहण करेंगे और दिन भर ठाकरे परिसर में रहकर सभी से भेंट मुलाकात करेंगे। रविवार को वे बिलासपुर में दिन भर रहेंगे और यहां पर भी मेल मुलाकात का दौर चलेगा।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव के पहले प्रदेशाध्यक्ष को बदलने का काम किया है। इसी के साथ प्रदेश संगठन में बदलाव का दौर प्रारंभ हो गया है। नए अध्यक्ष का जिम्मा बिलासपुर के सांसद अरूण साव को दिया गया है। आरएसएस की नींव वाले श्री साव के अध्यक्ष बनने से संगठन मजबूत होगा ऐसा माना जा रहा है। अब उनका यहां पर शनिवार को आगमन होने वाला है।
12 साै बाइकर्स करेंगे अगवानी
नए अध्यक्ष श्री साव के शनिवार को यहां पहुंचने पर माना विमानतल पर जोरदार स्वागत की तैयारी है। इसके लिए जहां जिला संगठन ने तैयारी की है, वहीं सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ ने भी अपनी तरफ से तैयारी की है। भाजयुमो को बाइक रैली का जिम्मा मिला है। करीब 12 सौ बाइक के साथ स्वागत होगा। विमानतल से एकात्म परिसर तक रास्ते में कई स्थानों पर भी स्वागत की तैयारी की गई है। श्री साव रास्ते में दीनदयाल उपाध्याय, शहीद भगत सिंह, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर औैर लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे।
जयस्तंभ तक तिरंगा यात्रा भी
एकात्म परिसर आने के बाद यहां पर जहां पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वागत करेंगे, वहीं श्री साव का उद्बोधन भी होगा। यहां के कार्यक्रम के बाद तिरंगा यात्रा निकलेगी जो जयस्तंभ चौक से होते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा तक जाएगी। यहां पर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद श्री साव कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे। वहां पर श्री साव का स्वागत होगा और वे पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद दिन भर यहां पर रहकर सभी से मिलेंगे।



